नारायणपुर : कटिहार-बरौनी रेलखंड के नारायणपुर रेलवे स्टेशन के पूरब की पोल संख्या 79/6 के पास शनिवार की सुबह लगभग 5:30 बजे 3246 डाउन कैपिटल एक्सप्रेस से गिर कर अररिया के चैनपुर बोर्ड निवासी हाफिज अली का बेटा अंसार अली गंभीर रूप से जख्मी हो गया. उसके दोनों पैर कट गये. ट्रेन गुजरने के बाद लगभग घंटे भर तक अंसार जख्मी हालत में वहीं पड़ा रहा. गंगा स्नान करने जा रहे कुछ लोगों ने उसे देखा, तो नारायणपुर जीआरपी को फोन से सूचना दी. मौके पर पहुंचे जीआरपी जवानों ने ग्रामीणों की मदद से जख्मी युवक को नारायणपुर पीएचसी पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद पीएचसी के डाॅ आंनंद मोहन ने उसे बेहतर इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच भागलपुर रेफर कर दिया.
जख्मी युवक ने बताया कि मैं दिल्ली से मजदूरी कर वापस अपने घर अररिया लौट रहा था. नारायणपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन खुलने पर चार युवक बोगी में सवार हुए. उन्होंने मेरा मोबाइल छीन लिया. मैं उनसे मोबाइल लेने के लिए झपटा, तो चारों युवक चलती ट्रेन से ही उतर गये. इसी क्रम में मैं ट्रेन के नीचे गिर गया.
अंसार के साथ सफर कर रहे चार-पांच युवक बिहपुर स्टेशन पर ट्रेन से उतर गये. वे भी पैदल ही हादसे वाली जगह पहुंचे. वहां उन्हें पता चला कि अंसार को मायागंज ले जाया गया है. इसके बाद वे आॅटो पकड़कर मायागंज के लिए रवाना हो गये. नारायणपुर जीआरपी थानाध्यक्ष अश्विनी पांडे ने बताया कि जख्मी युवक के पर्स से मिले मोबाइल नंबर से उसके परिजनों को सुचना दी गयी है. जख्मी मायागंज में इलाजरत है.
