भागलपुर : राजस्थान के डाक पार्सल ट्रक में 3600 लीटर हरियाणा निर्मित शराब को जिला पुलिस ने मंगलवार देर रात विक्रमशिला सेतु पर जब्त किया. ट्रक पर सवार पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया. जबकि ट्रक के आगे आगे चल रहे एक बाइक पर सवार दो शराब तस्कर को भी पुलिस ने खदेड़ कर पकड़ा. जिला पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि है.
वहीं अभियान के दौरान दूसरे बाइक पर सवार दो शराब तस्कर अंधेरे का फायदा उठा कर नवगछिया की ओर भागने में सफल रहा. कुल मिला कर इस अभियान में पुलिस के हाथ सात शराब तस्कर लगा है. जबकि विभिन्न शराब कंपनियों की 405 कार्टन बरामद किया गया. कुल 3600 लीटर शराब जब्त किया गया. तस्करों के पास से पुलिस ने पांच मोबाइल और एक यामाहा बाइक भी बरामद किया. मामले की जानकारी बुधवार को पुलिस लाइन में एसएसपी आशीष भारती ने दिया.
एसएसपी आशीष भारती ने बताया गुप्त सूचना मिली थी की शराब शहर लाया जा रहा है. डीएसपी राजवंश सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया. विक्रमशिला सेतु पर रात को वाहन जांच अभियान चलाया गया. हमें सूचना थी की ट्रक में शराब को लाया जा रहा है. नवगछिया की ओर से आ रही ट्रक को देख पुलिस ने रोकने का प्रयास किया. लेकिन चालक ट्रक को लेकर भागने का प्रयास करने लगा. पुलिस ने इसे खदेड़ कर पकड़ा.
एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि ट्रक में शराब लाकर इसे किसी सुनसान जगह पर अनलोड किया जाता था. शराब तस्करी में स्थानीय तस्करों की भी भूमिका सामने आयी है. आशंका है कि शराब को आने वाले पर्व को देखते हुए एकत्र किया जा रहा था. शराब की इस खेप को किसने मंगाया है. इस सवाल का जवाब तलाशने में पुलिस लगी हुई है. नेहा ट्रासपोर्ट सर्विस की यह गाड़ी सीधे हरियाणा से भागलपुर लाया जा रहा था. इसे किसने बुक किया था, इसकी भी जानकारी जुटाने में पुलिस लगी हुई है. ट्रक के अंदर शराब की बोतल पूरी तरह से पैक था.
