शाहजंगी मुखिया के बेटे को चेन झपटते पकड़ा, किया पुलिस के हवाले

शातिर गिरफ्त में. हफ्तेभर में ही कई घटनाओं को दे चुका था अंजाम घटनाओं में नाम आने के बाद भी पुलिस को दे रहा था खुली चुनौती विगत तीन छिनतई की घटनाओं में पकड़े गये अपराधी चढ़े थे पुलिस के हत्थे भागलपुर : शहर में लगातार छिनतई की घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस की नाक […]

शातिर गिरफ्त में. हफ्तेभर में ही कई घटनाओं को दे चुका था अंजाम

घटनाओं में नाम आने के बाद भी पुलिस को दे रहा था खुली चुनौती
विगत तीन छिनतई की घटनाओं में पकड़े गये अपराधी चढ़े थे पुलिस के हत्थे
भागलपुर : शहर में लगातार छिनतई की घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस की नाक में दम करने वाला शाहजंगी मुखिया का बेटा मो आसिफ शनिवार को वारदात को अंजाम देेते लोगों के हत्थे चढ़ गया. इस बार भी छिनतई के अपराधी को पुलिस ने नहीं बल्कि लोगों ने ही पकड़कर पुलिस को सौंपा. शनिवार को वह उल्टा पुल के पास छिनतई की घटना को अंजाम देकर आनंद चिकित्सालय रोड की तरफ भागा. जहां वह लोगों के हत्थे चढ़ गया. हालांकि पुलिस ने शनिवार देर रात तक आसिफ के गिरफ्तारी की पुष्टी नहीं की.
घटना शनिवार देर शाम पांच बजे की है. जब भीखनपुर की रहने वाली मीरा झा वापस अपने घर लौटने के लिये डिक्सन मोड़ बस स्टैंड की तरफ जा रही थी. तभी एक सफेद रंग की अपाची पर सवार तीन युवक पीछे से आये और उनके गले से सोने की चेन झपट लिया. भागने के क्रम में वे लोग उल्टा पुल के नीचे से आनंद चिकित्सालय रोड की तरफ से भागने लगे. जहां लोगों ने उन्हें खदेड़ दिया. इस दौरान बाइक पीछे बैठा मुखिया का बेटा आसिफ लोगों के हत्थे चढ़ गया. जबकि अन्य दो युवक वेरायटी चौक की तरफ भागने में सफल रहे. पकड़ने के बाद लोगों ने उसके हाथ और पैर बांध दिये और जमकर धुनाई की.
बताया जा रहा है कि महिला का छीना गया चेन उसके पास ही था पर पकड़े जाने के बाद उसने चेन को कहीं फेंक दिया. घटना की सूचना पाकर पहुंची कोतवाली पुलिस ने पकड़े गये स्नैचर को गिरफ्तार कर अपने साथ कोतवाली थाना लेकर चली गयी. जहां सत्यापन के दौरान उसके विश्वविद्यालय और तातारपुर थाना क्षेत्र में छिनतई करने वाले शाहजंगी के मुखिया के बेटे मो आसिफ होने की पुष्टी हुई. इस बात की सूचना तुरंत वरीय पुलिस अधिकारियों को दी गयी. बताया जा रहा है कि आसिफ को कोतवाली थाना में ही रखकर पूछताछ की जा रही है.
लगातार दे रहा था घटनाओं को अंजाम
विगत 25 जुलाई को टीएमबीयू के भूगोल विभाग में महिला असिस्टेंट प्रोफेसर डाॅ. स्वाती यादव से तातारपुर थाना क्षेत्र के सराय चौक के पास चेन छिनतई करने वाला भी शाहजंगी के मुखिया का बेटा मो आसिफ ही था. जांच के क्रम में सामने आये सीसीटीवी फुटेज में इस बात की पुष्टी हुई थी. उसके ठीक एक दिन बाद 26 जुलाई को विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के मारवाड़ी कॉलेज रोड पर आधे घंटे के भीतर दो छात्राओं से हुई छिनतई की घटना में भी आसिफ का ही नाम सामने आया था.
जिसमें आसिफ के बुलेट थंडरबर्ड बाइक की भी चर्चा हुई थी. 31 जुलाई को मारवाड़ी कॉलेज रोड में ही विवि बाल निकेतन स्कूल की शिक्षिका सरिता कुमारी का चेन झपटकर भागने में आसिफ सफल रहा था. जबकि उसके साथ मौजूद उसका साथी मो मुबारक शिक्षिका के हत्थे चढ़ गया था. जिसके बाद उसे बाइक के साथ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था. चर्चा थी कि विगत गुरुवार को भी मारवाड़ी कॉलेज रोड में भी एक छात्रा से छिनतई की गयी थी. जिसे आसिफ ने ही अंजाम दिया था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >