भागलपुर : पार्ट वन में नामांकन में हुई गड़बड़ी को बिहार बोर्ड सुधारने में लग गया है. 26 जुलाई तक नामांकन सूची में सुधार किया जायेगा. वहीं बोर्ड ने छूटे छात्रों को भी एक मौका दिया है. 26 जुलाई तक बोर्ड की वेबसाइट पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं. बोर्ड ने निर्देश जारी कर सभी कॉलेजों को नामांकन लेने की प्रक्रिया रोक दी है. अब प्रथम सूची के तहत 30 जुलाई से पांच अगस्त तक कॉलेजों में नामांकन लिये जायेंगे. इस आशय की सूचना सभी कॉलेजों को प्राप्त हुई है.
हालांकि पार्ट वन में नामांकन के लिए टीएनबी, मारवाड़ी, एसएम, बीएन आदि कॉलेजों में छात्र-छात्राएं सुबह 10 बजे तक पहुंच गये थे. लेकिन बिहार बोर्ड से आये निर्देश को छात्रों को बताया गया. बिना नामांकन कराये छात्र-छात्राएं कॉलेज से लौट गये. छात्र रुपेश कुमार, आनंद कुमार, राहुल कुमार ने बताया कि नवगछिया से नामांकन कराने टीएनबी कॉलेज आये थे.
मारवाड़ी कॉलेज के प्राचार्य डॉ गुरुदेव पोद्दार ने बताया कि बिहार बोर्ड के अधिकारी ने फोन पर सूचना दी है कि नामांकन प्रक्रिया रोक दी गयी है. नामांकन सूची में हुई गड़बड़ी में सुधार किया जायेगा. एसएम कॉलेज की प्राचार्या डॉ अर्चना ठाकुर ने बताया कि सोमवार को नये छात्रों का नामांकन नहीं लिया गया है. बोर्ड के निदेशानुसार 30 जुलाई से नामांकन की प्रक्रिया शुरू की जायेगी.
