गुरुवार को सदर अस्पताल परिसर से विश्व कैंसर दिवस पर प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य विभाग, होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र मुजफ्फरपुर अंतर्गत कैंसर सेवा केंद्र भागलपुर की ओर से कैंसर जागरूकता रैली निकाली गयी. रैली सदर अस्पताल भागलपुर से घंटाघर चौक होते हुए वापस सदर अस्पताल परिसर मॉडल अस्पताल पहुंच पूरी हुई. इस दौरान जिला गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ पंकज कुमार मनस्वी ने बताया कि अप्रैल 2025 से जनवरी 2026 तक यानी 10 महीनों में कैंसर स्क्रीनिंग टीम में शामिल जिला तकनीकी पदाधिकारी, नेविगेटर, स्टाफ नर्स और सहयोगी कर्मचारियों के सहयोग से कुल 21 हजार लोगों के मुंह की जांच की गयी. इनमें गंभीर 633, अति गंभीर 114 और 61 कन्फर्म मामले, जबकि आठ हजार महिलाओं की स्तनों की जांच में 55 अति गंभीर रोगियों में 40 कन्फर्म मामले और गर्भाशय कैंसर में आठ मामले की पुष्टि हुई. जागरूकता रैली में आमलोगों को स्लोगन के माध्यम से नशा न करने को कहा गया. फिर एएनएम ट्रेनिंग स्कूल भागलपुर के अभ्यर्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सभी रोगी, उनके साथ आने वाले अभिभावक, स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारियों को बताया कि लोगों को समय रहते अपना स्क्रीनिंग करवाना चाहिए, ताकि कैंसर की पहचान समय रहते हो सके. वे अपना इलाज करवा सकें. ऐसा न करने पर लोग कैंसर जैसे जानलेवा बीमारी के चपेट में आकर अपना जान गवां सकते हैं. 20 हजार लड़कियों को मिली नि:शुल्क एचपीवी वैक्सीन जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी ने बताया कि कैंसर स्क्रीनिंग शहर के घंटाघर स्थित सदर अस्पताल, मेडिकल कॉलेज भागलपुर में नियमित रूप से और प्रत्येक आयुष्मान आरोग्य मंदिर में भी तिथिवार कैंप लगाकर की जा रही है. उन्होंने यह भी बताया कि जिले के 20 हजार लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन निःशुल्क दी गयी, जो 9 से 14 वर्ष की लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव करेगी. कार्यक्रम के दौरान कैंसर विभाग के जिला तकनीकी पदाधिकारी डॉ आकांक्षा श्रीवास्तव ने सभी मौजूद लोगों और पत्रकारों को बताया कि भागलपुर वासियों को कैंसर से संबंधित इलाज के लिए जिले से बाहर नहीं जाना पड़ेगा, क्योंकि कैंसर स्क्रीनिंग के साथ ही बायोप्सी की सुविधा मायागंज स्थित ओपीडी कमरा संख्या 11 और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थित डे केयर सेंटर में कीमोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध है. सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक नियमित रूप से संचालित होती है. अंत में सभी को शपथ दिलवाया गया कि खुद नशा से दूर रहकर अपने समाज को भी नशा मुक्त कर, कैंसर से छुटकारा दिला सकते हैं. इस मौके पर सदर अस्पताल के प्रभारी डॉ राजू, एएनएम स्कूल के शिक्षक एवं छात्रा और सभी रोगी व उनके अभिभावक उपस्थित थे.
bhagalpur news. 10 माह में 21 हजार लोगों की जांच, आये कैंसर के 114 अति गंभीर व 61 कंफर्म मामले
गुरुवार को सदर अस्पताल परिसर से विश्व कैंसर दिवस पर प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य विभाग, होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र मुजफ्फरपुर अंतर्गत कैंसर सेवा केंद्र भागलपुर की ओर से कैंसर जागरूकता रैली निकाली गयी.
