Bhagalpur Road Accident बिहार के भागलपुर जिले के पीरपैंती बाजार से रेलवे स्टेशन जाने वाली मुख्य सड़क पर गुरुवार देर शाम हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतक की पहचान शैलेश कुमार के रूप में हुई है. शैलेश पीरपैंती में निर्माणाधीन पावर प्लांट में मैकेनिक के रूप में काम करता था.
हादसे में गोविंद कुमार, प्रमोद चौहान, राजकिशोर, राकेश झा और माधव गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंचाया. घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया.
वहीं, पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें..
कार हादसे में एक की मौत, पांच गंभीर
इस घटना के संबंध में पीरपैंती पुलिस ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि कार सवार सभी लोग वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए थे. पुलिस ने स्थानीय युवाओं की मदद से सभी लोगों को कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया.
मृतक की पहचान शैलेश कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, हादसे के समय शैलेश ही कार चला रहे थे. दुर्घटना के बाद वे कार में बुरी तरह फंस गए थे. थाना प्रभारी और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें भी कार से बाहर निकाला गया. पुलिस ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल भेजने के बाद दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटाकर किनारे कर दिया गया, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो.
