बेतिया क्राइम: मनुआपुल थाना क्षेत्र के तुरहापट्टी तिवारी टोला निवासी हरेंद्र साह के इकलौते पुत्र आदित्य कुमार साह (28) का शव मंगलवार की सुबह बेतियाडीह वार्ड एक स्थित श्मशान घाट में संदिग्ध हालत में मिला. शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गयी. परिजनों ने हत्या की आशंका जतायी है. सूचना पर मनुआपुल, कुमारबाग और सिरिसिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
सुबह गांव में घूमता दिखा था आदित्य
परिजनों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे तक आदित्य को गांव में घूमते हुए देखा गया था. इसके बाद परिजनों ने उसके मोबाइल पर कई बार फोन किया, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया. कुछ देर बाद ग्रामीण अपने दैनिक कार्य से श्मशान घाट की ओर गये, जहां उन्होंने आदित्य का शव पड़ा देखा. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गये.
घटनास्थल से 200 मीटर दूर मिली बाइक
पुलिस ने जांच के दौरान श्मशान घाट से करीब 200 मीटर की दूरी पर आदित्य की बाइक बरामद की. बताया गया कि श्मशान घाट उसके घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है. बाइक की बरामदगी और घटनास्थल से मिले अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
इकलौता पुत्र था आदित्य
आदित्य अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और उसकी शादी नहीं हुई थी. बेटे की संदिग्ध मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजन मौत को लेकर हत्या की आशंका जता रहे हैं, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. सदर वन एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि एक युवक का शव बरामद हुआ है और मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.
यह भी पढे़ं:
बेतिया GMCH में तोड़फोड़, जोरदार हंगामा, 8 घंटे तक इमरजेंसी ठप, सुबह बहाल हुई सेवा
