Valmikinagar News: विश्व हाथी दिवस के अवसर पर बुधवार को वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के गौनोली रेंज में हाथियों के लिए विशेष दावत का आयोजन किया गया. वीटीआर प्रशासन की ओर से राजा, द्रोणा, मणीकंठा और बालाजी समेत चार नर हाथियों को उनकी पसंद का भोजन परोसा गया. आयोजन के दौरान हाथियों की देखभाल के साथ स्कूली छात्रों को हाथी संरक्षण के प्रति जागरूक भी किया गया.
गौनोली रेंज में हाथियों को मिली खास दावत
विश्व हाथी दिवस पर चारों हाथियों के लिए गन्ना, केला, सेब, गुड़ समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों को आकर्षक ढंग से सजाकर परोसा गया. मनपसंद भोजन सामने देखकर हाथी भी उत्साहित नजर आए. वनकर्मियों और महावतों में भी आयोजन को लेकर खासा उत्साह रहा.
दावत से पहले कराया गया स्नान
विशेष भोजन परोसने से पहले हाथियों को स्नान कराया गया. इसके बाद महावतों ने उनके सिर पर शुद्ध सरसों तेल से मालिश की. साफ-सफाई और देखभाल पूरी करने के बाद हाथियों को विशेष रूप से तैयार भोजन परोसा गया.
स्कूली छात्रों को बताया हाथियों का महत्व
रेंजर सत्यम कुमार ने स्कूली छात्रों को हाथियों की शारीरिक विशेषताओं, व्यवहार और पारिस्थितिकी तंत्र में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बच्चों को हाथियों के संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील रहने का संदेश दिया.
यह भी पढ़ें: वाल्मीकिनगर में फ्रांस और कोलंबिया से पहुंचे पर्यटक, जंगल सफारी बंद फिर भी प्राकृतिक सुंदरता ने मोहा मन
पारिस्थितिक संतुलन में अहम भूमिका
रेंजर सत्यम कुमार ने कहा कि हाथी केवल वन्यजीव नहीं, बल्कि जंगल के पारिस्थितिक संतुलन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं. उन्होंने कहा कि वीटीआर प्रशासन हाथियों की बेहतर देखभाल और संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है. विश्व हाथी दिवस का आयोजन हाथियों के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का संदेश देने का भी माध्यम है.
वनकर्मी और महावत रहे मौजूद
कार्यक्रम में वनपाल आशीष कुमार, फील्ड बायोलॉजिस्ट सौरभ कुमार, ओम प्रकाश सिंह सहित कई महावत और वनकर्मी मौजूद रहे. सभी ने हाथियों की देखभाल और संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई.
यह भी पढ़ें: वाल्मीकिनगर में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर छात्रों की जागरूकता रैली, घर-घर ध्वज फहराने की अपील
