Bettiah News: बेतिया. स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, नवाचार और समर्पित शिक्षण के लिए पश्चिम चंपारण के छह शिक्षकों को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राष्ट्रीय शिक्षक उत्कृष्टता पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया. 360 रिसर्च फाउंडेशन के तत्वावधान में गौनाहा अंचल क्षेत्र स्थित मंगुराहा रिजॉर्ट में आयोजित समारोह में शिक्षकों को सम्मान प्रदान किया गया.
पश्चिम चंपारण के छह शिक्षक हुए सम्मानित
सम्मानित शिक्षकों में पीएम श्री आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मच्छरगांवा, योगापट्टी के मुनीन्द्र कुमार झा और राज कुमार पाण्डेय शामिल हैं. इनके अलावा उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चोरही, हथिया के मुकेश कुमार और मणिकांत वर्मा को भी सम्मानित किया गया.
उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय बड़हरवा, चनपटिया के अभिषेक बाजपेयी तथा उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय सन सरैया, नौतन के बृजेश कुमार को भी राष्ट्रीय शिक्षक उत्कृष्टता पुरस्कार-2026 से नवाजा गया.
मुनीन्द्र कुमार झा के लिए उपलब्धि खास
मुनीन्द्र कुमार झा के लिए यह सम्मान विशेष उपलब्धि रहा. उन्हें इससे पहले वर्ष 2025 में बिहार सरकार के राजकीय शिक्षक सम्मान से भी सम्मानित किया जा चुका है.
लगातार मिले इन सम्मानों से उनके शिक्षण कार्य, योगदान और उपलब्धियों को एक बार फिर पहचान मिली है.
नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर रहा जोर
समारोह के दौरान शिक्षकों के नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान को रेखांकित किया गया. शिक्षकों के समर्पित प्रयासों और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की गयी.
कार्यक्रम में स्कूली शिक्षा को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों के विकास में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया.
समारोह में ये रहे मुख्य अतिथि
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एसएसबी गौनाहा के उपनायक परिमल कुमार मंडल और तारकेश्वर प्रसाद वर्मा महाविद्यालय, नरकटियागंज के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार सिंह मौजूद रहे.
कार्यक्रम की अध्यक्षता छोटेलाल प्रसाद ने की, जबकि संचालन मुकुंद मुरारी राम ने किया. समारोह में शिक्षकों को सम्मानित करने के साथ उनके शिक्षा क्षेत्र में योगदान को सराहा गया.
यह भी पढ़ें: शिक्षक दिवस पर सीतामढ़ी में 10 वरिष्ठ पेंशनरों का सम्मान, समारोह में 85 सदस्य रहे मौजूद
