Valmikinagar News: वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) वन प्रमंडल-2 के भेड़िहारी वन प्रक्षेत्र अंतर्गत भेड़िहारी गांव में बाघ के हमले में मारे गए किसान विजय हालदार के परिवार को वन विभाग ने शुक्रवार को 10 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता दी. एसीएफ शशि भूषण सिंह ने मृतक की पत्नी अन्ना देवी को सहायता राशि का चेक सौंपते हुए परिवार के प्रति संवेदना जताई और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
बाघ के हमले में हुई थी किसान विजय हालदार की मौत
वन विभाग के अनुसार 15 अगस्त को विजय हालदार, पिता हरि हालदार, गांव के समीप अपने गन्ने के खेत में घास काट रहे थे. इसी दौरान जंगल की ओर से निकले बाघ ने उन पर हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल विजय हालदार की मौके पर ही मौत हो गई थी.
घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया था.
प्रदर्शन के बाद परिवार को मिली आर्थिक सहायता
घटना के बाद ग्रामीणों ने शव को बगहा-वाल्मीकिनगर मुख्य मार्ग पर रखकर प्रदर्शन किया था. ग्रामीणों ने बाघ के हमले से सुरक्षा और जंगल से सटे इलाकों में निगरानी मजबूत करने की मांग उठाई थी.
अब आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद वन विभाग ने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता उपलब्ध कराई है.
जंगल से सटे गांवों में बढ़ेगी निगरानी
वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि वन्यजीवों के हमले में जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों को समय पर राहत उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है. वहीं ग्रामीणों ने जंगल और खेतों के आसपास नियमित गश्त एवं निगरानी बढ़ाने की मांग की है.
ग्रामीणों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने से भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी.
वन्यजीवों की गतिविधि दिखे तो तुरंत दें सूचना
चेक वितरण के दौरान ईडीसी अध्यक्ष संतोष काजी, रामविलास यादव समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे. संतोष काजी ने ग्रामीणों से जंगल और खेतों की ओर जाते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की.
उन्होंने कहा कि किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
यह भी पढ़ें: बाबू जगदेव के शहादत दिवस पर जुटेगा समाज, बगहा में कार्यक्रम की तैयारियों पर हुई चर्चा
