बेतिया: वाल्मीकिनगर में 108 फीट ऊंचे फ्लैग टावर का उद्घाटन, सांसद सुनील कुमार ने फहराया तिरंगा

वाल्मीकिनगर के अंतरराष्ट्रीय सभागार परिसर में 108 फीट ऊंचे फ्लैग टावर का उद्घाटन किया गया. सांसद सुनील कुमार ने तिरंगा फहराते हुए इसे क्षेत्र की नई पहचान बताया. पढ़ें पूरी खबर…

पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट

Bettiah News: वाल्मीकिनगर स्थित अंतरराष्ट्रीय सभागार परिसर में मंगलवार शाम 108 फीट ऊंचे विशाल फ्लैग टावर का उद्घाटन किया गया. वाल्मीकिनगर के सांसद सुनील कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर फ्लैग टावर का लोकार्पण किया. उद्घाटन के बाद ऊंचाई पर लहराता तिरंगा पूरे परिसर का आकर्षण केंद्र बन गया.

सांसद निधि से बना फ्लैग टावर

यह हाई मास्ट फ्लैग टावर सांसद निधि से स्थापित किया गया है. इसके निर्माण के बाद अब दूर-दराज से आने वाले लोगों को भी सभागार परिसर के ऊपर लहराता तिरंगा दिखाई देगा. स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे क्षेत्र की पहचान को नई ऊंचाई मिलेगी.

रिटायर्ड मेजर जनरल भी रहे मौजूद

उद्घाटन समारोह में सांसद सुनील कुमार के साथ सेवानिवृत्त मेजर जनरल असीम कोहली भी मौजूद रहे. दोनों ने संयुक्त रूप से हाई मास्ट नेशनल फ्लैग का उद्घाटन किया. राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के सौजन्य से की गई है.

तिरंगा राष्ट्र की आन, बान और शान : सांसद

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद सुनील कुमार ने कहा कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक की आन, बान और शान का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि ऊंचाई पर लहराता राष्ट्रीय ध्वज युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करेगा और राष्ट्र के प्रति उनके दायित्वों का बोध कराएगा.

सांसद ने कहा कि दूर से दिखाई देने वाला यह तिरंगा आने वाले समय में वाल्मीकिनगर की नई पहचान बनेगा.

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

स्थानीय लोगों ने फ्लैग टावर की स्थापना पर खुशी जताई. उनका कहना है कि इससे क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी और वाल्मीकिनगर आने वाले पर्यटकों के लिए यह नया आकर्षण केंद्र साबित होगा. कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला.

समारोह में जदयू के राजनीतिक सलाहकार विरेंद्र कुशवाहा, राकेश सिंह, दयाशंकर सिंह, पारसनाथ तिवारी, सुरेश मद्धेशिया, मुन्ना सिंह, बबलू गुप्ता, मुरारी चौबे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >