Bagaha Land Fraud: बगहा पुलिस जिले के लौकरिया थाना क्षेत्र में जमीन की खरीद-बिक्री में कथित धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिन पर फर्जी तरीके से जमीन की रजिस्ट्री कराने का आरोप है. मामले में अन्य नामजद आरोपितों की तलाश जारी है.
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बगहा थाना क्षेत्र के पिपरिया निवासी भरत यादव और अमर यादव के रूप में हुई है.
शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि हरनाटांड निवासी अजय कुमार सिंह की शिकायत पर लौकरिया थाना कांड संख्या 137/26 दर्ज किया गया था.
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनके स्वजन के नाम दर्ज बरवा खुर्द स्थित खाता संख्या-2 की जमाबंदी को खाता संख्या-20 बताकर आरोपितों ने कथित तौर पर फर्जी तरीके से रजिस्ट्री करा ली.
इन लोगों को बनाया गया है नामजद
इस मामले में भरत यादव, अमर यादव, आदित्य कुमार यादव, मृत्युंजय विक्रम शाह, शुभावती देवी, ममता देवी, कुंदन यादव, सुजीत यादव तथा कातिब विवेकानंद श्रीवास्तव को नामजद किया गया है.
जांच में क्या सामने आया?
एसपी के अनुसार, जांच के दौरान प्रथम दृष्टया यह बात सामने आई कि आरोपितों ने रजिस्ट्री विभाग को गुमराह कर करीब 15 एकड़ भूमि की खरीद-बिक्री की.
पुलिस का कहना है कि खाता संख्या-2 की जमीन की खरीद-बिक्री पर पहले से सरकारी रोक लगी हुई है. इसके बावजूद कथित तौर पर दस्तावेजों में हेरफेर कर रजिस्ट्री कराई गई.
इन्हीं तथ्यों के आधार पर सभी नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश जारी किए गए हैं.
सूचना मिलते ही हुई छापेमारी
लौकरिया थानाध्यक्ष रमण कुमार ने बताया कि सोमवार को सूचना मिली कि फरार चल रहे भरत यादव और अमर यादव अपने घर पर मौजूद हैं.
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
अन्य आरोपितों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
विभागीय अभिलेखों के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपित पहले से ही भू-माफिया के रूप में चिन्हित बताए जाते हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच आगे बढ़ा रही है और अन्य आरोपितों की तलाश जारी है.
