सिकटा. स्कूल से वापस लौटने के क्रम में रास्ते में स्थित गड्ढे में नहाने के क्रम में दो छात्राओं की मौत डूबने से हो गई है. जबकि एक को डूबने से बचा लिया गया है. घटना गोपालपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया गांव के समीप की है. ये तीनों स्कूल से पढ़ने के बाद घर वापस जा रही थीं. दोनों मृत छात्राएं जमुनिया गांव के कृष्णा राम की पुत्री निरमा कुमारी (11) व जयप्रकाश उर्फ झगरू महतो की पुत्री राधिका कुमारी (14) हैं. वही प्रदीप साह की पुत्री मंतूरी कुमारी (11) को डूबने से बचा लिया गया है. जिसका इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है. तीनों छात्राएं उत्क्रमित मध्य विद्यालय मैनपुर से छुट्टी होने के बाद वापस घर जा रही थी. तीनों वर्ग छह में पढ़ती थीं. ये नहाने के लिए सड़क के किनारे गड्ढे भरे पानी में कूद गई. दो लड़कियां नहाने के क्रम में आगे बढ़ गई और एक डूबने के कगार पर थी. तभी एक राहगीर उधर से गुजर रहा था. उसकी नजर डूबते बच्ची पर पड़ी तो वह पानी में कूदकर लड़की को बचा लिया और उसने शोर मचाया. डूबने से बची लड़की में दो और लड़कियों के बारे में बताया तो गांव के लोग काफी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से निकाल लिया. दोनों की मौत हो चुकी थी. घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया. सूचना पर गोपालपुर थाना के एसआई विपिन कुमार सुरक्षाबल के साथ मौके पर पहुंच शव को पोस्टमार्टम में भेजने की कार्रवाई करने लगे. लेकिन मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
