तेलंगाना के चर्चित महिला हत्याकांड में चनपटिया पुलिस की बड़ी भूमिका, आरोपी गिरफ्तार

तेलंगाना के चर्चित महिला हत्याकांड की जांच में पश्चिम चंपारण की चनपटिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. तेलंगाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जिसने पूछताछ में कई अहम सुराग दिए हैं. पढ़ें पूरी खबर…

बेतिया के चनपटिया से अजय चौबे की रिपोर्ट

Bettiah News: तेलंगाना के चर्चित महिला हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में चनपटिया पुलिस की अहम भूमिका सामने आई है. तेलंगाना पुलिस की सूचना पर गिरफ्तार किए गए आरोपी ने पूछताछ के दौरान वारदात से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य बताए हैं, जिससे हत्या की जांच को नई दिशा मिली है. अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय के इस अभियान को बड़ी सफलता माना जा रहा है.

29 मई को हुई थी महिला की हत्या

जानकारी के अनुसार 29 मई 2026 को तेलंगाना के साइबराबाद कमिश्नरेट अंतर्गत आईडीए बोल्लाराम थाना क्षेत्र में एक महिला की निर्मम हत्या कर दी गई थी. मामले में कांड संख्या 166/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत जांच शुरू की गई थी.

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सूचनाओं के आधार पर तेलंगाना पुलिस को पता चला कि घटना में शामिल एक आरोपी बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में छिपा हुआ है.

तेलंगाना पुलिस पहुंची चनपटिया

इसके बाद आईडीए बोल्लाराम थाना के पुलिस निरीक्षक जी. सत्यनारायणम के नेतृत्व में एक विशेष टीम चनपटिया पहुंची और स्थानीय पुलिस से संपर्क किया.

सूचना मिलते ही चनपटिया थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई. टीम में एसआई प्रिंस कुमार, प्रदीप कुमार और विवेकानंद शामिल थे. तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से पुलिस ने पिपरा गांव निवासी रंजन कुमार, पिता नथुनी साह, वार्ड संख्या-7, बकुलहर को गिरफ्तार कर लिया.

पूछताछ में मिले अहम सुराग

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य बताए. उसके बयान के आधार पर तेलंगाना पुलिस को हत्या के पीछे की परिस्थितियों और अन्य संदिग्धों की भूमिका को समझने में मदद मिली है. पुलिस के अनुसार आरोपी से मिली जानकारी जांच की एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो रही है.

दंपती पर हुआ था जानलेवा हमला

बताया जाता है कि संगारेड्डी जिले के आईडीए बोल्लाराम क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने एक दंपती पर जानलेवा हमला किया था. इस हमले में मीना देवी की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी, जबकि उनके पति अनिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे. घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी.

क्या बोले थानाध्यक्ष

चनपटिया थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि तेलंगाना पुलिस से प्राप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया. आगे की कानूनी प्रक्रिया तेलंगाना पुलिस द्वारा की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >