West Champaran News: सावन की पहली सोमवारी पर नौतन प्रखंड के शिवराजपुर पंचायत स्थित बथना घाट पर बड़ा हादसा हो गया. गंडक नदी से जल भरने गए 14 वर्षीय किशोर की नदी में डूबने से लापता हो गया. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन में जुटी है. एनडीआरएफ की टीम को भी सूचना दे दी गई है.
Nautan News: दोस्तों के साथ जल भरने गया था किशोर
डूबने वाले किशोर की पहचान शिवराजपुर पंचायत के वार्ड संख्या तीन निवासी झुनझुन दुबे के 14 वर्षीय पुत्र शुभम कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार शुभम अपने दोस्तों के साथ सावन की पहली सोमवारी पर भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए गंडक नदी के बथना घाट पर जल भरने गया था.
पैर फिसलने से गहरे पानी में डूबा
बताया गया कि जल भरने के दौरान शुभम का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया. साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी देर तक नदी में उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका.
पुलिस ने शुरू कराई खोजबीन
घटना की सूचना मिलते ही नौतन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से सर्च अभियान शुरू कराया. पुलिस ने एनडीआरएफ की टीम को भी सूचना दे दी है, ताकि नदी में व्यापक स्तर पर खोज अभियान चलाया जा सके.
तीन बहनों का इकलौता भाई था शुभम
परिजनों ने बताया कि शुभम तीन बहनों का इकलौता भाई था. घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे गांव में शोक का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द एनडीआरएफ की टीम भेजकर खोज अभियान तेज करने की मांग की है.
यह भी पढ़ें:सावन की पहली सोमवारी पर सागर पोखरा शिव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भक्तों ने किया जलाभिषेक