Bettiah News: बेतिया. शिक्षकों की लंबित समस्याओं एवं सेवा-सुविधाओं के समाधान को लेकर सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के दावेदार प्रत्याशी, शिक्षाविद् एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. राहुल राज ने शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपते हुए शिक्षकों की लंबित प्रोन्नति, वित्तीय उन्नयन और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए.
प्रोन्नति और वित्तीय उन्नयन का मुद्दा उठाया
डॉ. राहुल राज ने माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षकों तथा पुस्तकालयाध्यक्षों की लंबित प्रोन्नति का मुद्दा उठाया. उन्होंने समयबद्ध तरीके से प्रोन्नति देने के साथ वित्तीय उन्नयन का लाभ उपलब्ध कराने की मांग की.
माध्यमिक शिक्षकों को उच्च माध्यमिक में प्रोन्नति की मांग
उन्होंने माध्यमिक शिक्षकों को योग्यता एवं वरीयता के आधार पर उच्च माध्यमिक विद्यालयों में प्रोन्नति देने की मांग की. साथ ही कक्षा 11 से 12 के पदों पर प्रोन्नति की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया, ताकि लंबे समय से लंबित मामलों का समय पर निस्तारण हो सके.
बीपीएड शिक्षकों को प्रभारी प्रधानाध्यापक बनने का अवसर
डॉ. राहुल राज ने बीपीएड योग्यताधारी शारीरिक शिक्षकों को भी बीएड शिक्षकों के समान अवसर देने की मांग रखी. उन्होंने कहा कि योग्य शारीरिक शिक्षकों को प्रभारी प्रधानाध्यापक पद के लिए पात्रता का अवसर मिलना चाहिए.
शिक्षकों और परिवार को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा की मांग
उन्होंने शिक्षकों एवं उनके परिवार के सदस्यों के लिए पुलिस बल और अन्य राज्यकर्मियों की तर्ज पर कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी की. उनका कहना था कि इससे शिक्षकों और उनके परिजनों को इलाज के दौरान आर्थिक एवं प्रशासनिक परेशानी से राहत मिल सकेगी.
अपर मुख्य सचिव ने दिया सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन
मुलाकात के दौरान अपर मुख्य सचिव ने डॉ. राहुल राज की ओर से रखी गई मांगों को सुना. उन्होंने सभी मांगों पर नियमानुसार सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया.
यह भी पढ़ें:तीन साल बाद भी 47 जलापूर्ति योजनाएं बंद, गर्मी बढ़ते ही बेतिया के गांवों में गहराएगा पेयजल संकट
