Bettiah News: समाहरणालय सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में माय भारत जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित हुई. बैठक में 1 जुलाई से 15 अगस्त तक चल रहे माय भारत पंजीकरण अभियान की समीक्षा की गई और अधिक से अधिक युवाओं को इससे जोड़ने की रणनीति पर चर्चा हुई.
बैठक में अभियान को जिले के सभी प्रखंडों और शिक्षण संस्थानों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया.
युवाओं को मिलेंगे स्वयंसेवा और कौशल विकास के अवसर
जिला युवा अधिकारी एवं समिति के सचिव शशांक मित्तल ने बताया कि माय भारत के माध्यम से युवाओं को स्वयंसेवा, कौशल विकास, नेतृत्व प्रशिक्षण और विभिन्न राष्ट्रीय अभियानों में भाग लेने का अवसर मिलता है.
उन्होंने बताया कि जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में युवा मंडलों के गठन की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है.
कई जागरूकता कार्यक्रम होंगे आयोजित
बैठक में जानकारी दी गई कि आगामी दिनों में माय भारत पंजीकरण अभियान के साथ जिले में कई जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.
इसके अलावा नशा मुक्ति क्विज, नेशनल फ्लैग क्विज और विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज जैसी गतिविधियों में भी युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने की योजना बनाई गई है.
डीएम ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश
जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी सरकारी और निजी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक कर 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के सभी पात्र छात्र-छात्राओं का समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए.
उन्होंने प्रत्येक शिक्षण संस्थान में माय भारत का एक नोडल अधिकारी और एक एंबेसडर नियुक्त करने का भी निर्देश दिया.
विभागों के समन्वय से चलेगा अभियान
डीएम ने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को माय भारत अभियान से जोड़कर उन्हें विभिन्न विकासात्मक और नेतृत्व कार्यक्रमों का लाभ दिलाया जा सके.
