Bagaha News: पूर्व विधान पार्षद भीष्म साहनी ने खेती के महत्वपूर्ण समय में किसानों को समय पर यूरिया उपलब्ध कराने पर जोर दिया है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों, गोदाम प्रबंधकों और उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिया कि निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में यूरिया किसानों के बीच उपलब्ध कराया जाए, ताकि खेती का कार्य प्रभावित न हो.
कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त चेतावनी
भीष्म साहनी ने कहा कि सरकार किसानों की जरूरतों के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध करा रही है. ऐसे में किसी भी स्तर पर कृत्रिम अभाव पैदा करना, जमाखोरी करना या अधिक कीमत वसूलना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत मिलने पर संबंधित गोदाम प्रबंधक और दुकानदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
किसानों से जरूरत के अनुसार खरीदारी की अपील
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे घबराकर आवश्यकता से अधिक यूरिया की खरीदारी न करें. जरूरत के अनुसार ही खाद खरीदें, ताकि सभी किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध हो सके. यदि कोई दुकानदार निर्धारित मूल्य से अधिक राशि मांगता है या खाद देने से इनकार करता है तो इसकी सूचना तत्काल कृषि विभाग या स्थानीय प्रशासन को दें.
नियमित जांच की उठाई मांग
पूर्व विधान पार्षद ने प्रशासन से उर्वरक दुकानों की नियमित जांच कराने और वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी करने की मांग की. उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन की सतर्कता और किसानों के सहयोग से यूरिया वितरण व्यवस्था पारदर्शी बनी रहेगी तथा कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगेगी.
बिस्कोमान गोदाम प्रबंधक ने क्या कहा
बिस्कोमान गोदाम प्रबंधक संजीत कुमार ने बताया कि फिलहाल गोदाम में यूरिया उपलब्ध नहीं है. यूरिया की खेप आने के बाद ही वितरण शुरू किया जाएगा. हालांकि अन्य उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है.
यह भी पढ़ें: बेतिया में विशेष वाहन जांच अभियान, कर नियमों के उल्लंघन पर 5 ट्रक सीज
