तेज आंधी-बारिश से बगहा में भारी नुकसान, रेलवे गेट का बूम टूटा, रेल परिचालन बाधित

बगहा में सोमवार को आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई. कई पेड़ उखड़ गए, एसडीपीओ कार्यालय का संचार टावर गिर गया और कैलाशनगर रेलवे गेट संख्या-51 का बूम टूटने से रेल परिचालन प्रभावित हो गया. पढ़ें पूरी खबर…

बगहा से इजरायल अंसारी की रिपोर्ट

Bagaha News: सोमवार को बगहा अनुमंडल सहित आसपास के क्षेत्रों में तेज आंधी और बारिश ने व्यापक नुकसान पहुंचाया. आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि विभिन्न स्थानों पर करीब दो दर्जन से अधिक पेड़ टूटकर या जड़ से उखड़कर गिर गए. कई जगहों पर आवागमन प्रभावित हुआ, जबकि सरकारी परिसरों में भी नुकसान की सूचना है.

अनुमंडल परिसर में कई बड़े पेड़ धराशायी हो गए. वहीं बगहा-2 प्रखंड कार्यालय के सामने भी कई पेड़ टूटकर गिर गए, जबकि कुछ पेड़ जड़ समेत उखड़ गए.

एसडीपीओ कार्यालय का संचार टावर भी गिरा

तेज हवाओं के कारण अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कार्यालय परिसर में स्थापित संचार टावर भी गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया. इससे संचार व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है.

रेलवे गेट संख्या-51 का बूम टूटा

आंधी-तूफान का सबसे अधिक असर बगहा के कैलाशनगर स्थित रेलवे गेट संख्या-51 पर देखने को मिला. तेज हवा के कारण रेलवे फाटक का बूम टूटकर गिर गया और उसके नीचे से गुजर रहे विद्युत तार भी क्षतिग्रस्त हो गए.

विद्युत लाइन प्रभावित होने के कारण रेल परिचालन अस्थायी रूप से बाधित हो गया, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

रेलवे की मेंटेनेंस टीम ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही नरकटियागंज से रेलवे की मेंटेनेंस टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया. रेलवे कर्मी क्षतिग्रस्त बूम और विद्युत तारों को दुरुस्त करने में जुटे हैं.

बगहा आरपीएफ पोस्ट प्रभारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि तेज आंधी-तूफान के कारण रेलवे को काफी नुकसान हुआ है. गेट संख्या-51 का बूम गिरने से विद्युत तार क्षतिग्रस्त हो गए हैं.

उन्होंने कहा कि मेंटेनेंस टीम युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य कर रही है और कार्य पूरा होते ही रेल परिचालन पुनः शुरू कर दिया जाएगा. प्रशासन भी क्षति का आकलन करने में जुटा हुआ है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >