राष्ट्रीय खेल दिवस पर बेतिया में योगासन और फिटनेस कार्यक्रम, खिलाड़ियों ने सीखे ध्यान और योग के गुर

राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के तहत बेतिया में आयोजित खेल महोत्सव के तीसरे दिन योगासन, ध्यान और शारीरिक फिटनेस पर विशेष कार्यक्रम हुआ. विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने योग के माध्यम से अपनी एकाग्रता और शारीरिक क्षमता बढ़ाने के गुर सीखे.

Bettiah News: मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के तहत चल रहे खेल महोत्सव के तीसरे दिन रविवार को जिला खेल भवन सह व्यायामशाला भवन, बेतिया में योगासन, ध्यान एवं शारीरिक फिटनेस कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, खेल विभाग के प्रशिक्षकों, कर्मियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.

खेल भवन में खिलाड़ियों ने किया योगाभ्यास

राष्ट्रीय योगासन जज सह योग प्रशिक्षक पवन कुमार और विश्व योगासन चैंपियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता सारांश कुमार के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया. इसमें वृक्षासन, ताड़ासन, भस्त्रिका, कपालभाति, नाड़ी-शोधन प्राणायाम, कैलाशासन और भुजंगासन शामिल रहे.

योग से बढ़ती है एकाग्रता और शारीरिक क्षमता

योग प्रशिक्षक पवन कुमार ने कहा कि योग खिलाड़ियों के लिए आधारभूत विधा है. नियमित योगाभ्यास से शरीर का संतुलन, लचीलापन और शक्ति बढ़ने के साथ एकाग्रता, श्वसन नियंत्रण और मानसिक स्थिरता विकसित होती है.

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए केवल शारीरिक क्षमता ही पर्याप्त नहीं है. दबाव की स्थिति में सही निर्णय लेने की क्षमता और आत्मविश्वास भी जरूरी है, जिसे योग एवं ध्यान के अभ्यास से बेहतर किया जा सकता है.

योग स्पोर्ट्स एकेडमी के बच्चों ने दिखाए कठिन आसन

कार्यक्रम के दौरान योग स्पोर्ट्स एकेडमी, बेतिया के बच्चों ने कठिन एवं आकर्षक योगासनों का प्रदर्शन किया. बच्चों ने आर्टिस्टिक पेयर और रिदमिक पेयर की प्रस्तुति देकर प्रतिभागियों और उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया.

राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे खिलाड़ी

शिक्षक अजय कुमार मिश्रा ने कहा कि पश्चिम चंपारण के खिलाड़ी योगासन के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि योग को खेल प्रशिक्षण का हिस्सा बनाने से खिलाड़ियों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत होने में मदद मिलेगी.

फिटनेस कार्यक्रम में खिलाड़ियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी

खेल महोत्सव के तीसरे दिन आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ योगाभ्यास किया. आयोजकों के अनुसार ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को प्रतियोगिता के साथ स्वस्थ जीवनशैली और फिटनेस के प्रति भी जागरूक करना है.

कई प्रशिक्षक और प्रतिभागी रहे मौजूद

कार्यक्रम में अमरेंद्र कुमार सिंह, संजय श्रीवास्तव, प्रतीक सिंह, मंजरी कश्यप, आशीष वर्मा सहित खेल विभाग से जुड़े प्रशिक्षक, कर्मी, छात्र-छात्राएं एवं अन्य प्रतिभागी मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: बैरिया में बिजली मिस्त्री की करंट से मौत, शव रखकर पावर सबस्टेशन पर ग्रामीणों का प्रदर्शन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अवध किशोर तिवारी

अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >