Bagaha News: पुलिस जिला बगहा के पुलिस सभागार में एसपी राजेश कुमार की अध्यक्षता में जुलाई 2026 की जिला स्तरीय मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई. बैठक में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी शामिल हुए. एसपी ने लंबित कांडों के समयबद्ध निष्पादन, प्रभावी गश्ती और अपराध नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
एसपी राजेश कुमार ने सभी थानाध्यक्षों के कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की. उन्होंने लंबित कांडों का निर्धारित समय सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने, नियमित वाहन जांच अभियान चलाने और निरोधात्मक कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया.
पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन से जुड़े मामलों का भी समय सीमा के भीतर निष्पादन करने पर विशेष जोर दिया गया. डायल-112 सेवा एवं सीसीटीएनएस की थानावार समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
अवैध बालू खनन और शराब तस्करी पर सख्ती
एसपी ने अवैध बालू खनन और उससे जुड़े कारोबारियों के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया. मद्यनिषेध अभियान की समीक्षा के दौरान शराब तस्करी और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई करने को कहा गया.
जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी को लेकर अलर्ट
आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं गणेश चतुर्थी पर्व को देखते हुए एसपी ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने तथा असामाजिक तत्वों और हुड़दंगियों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया.
जुलाई में 408 आरोपित गिरफ्तार
पुलिस की समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार जुलाई 2026 में विभिन्न मामलों में कुल 408 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया. इनमें 193 अभियुक्त कांडों में तथा 215 वारंट के मामलों में गिरफ्तार किए गए.
इसी अवधि में 12 अभियुक्तों को न्यायालय से सजा दिलाई गई. इनमें मानव तस्करी के दो, पॉक्सो का एक, हत्या के छह, दहेज हत्या के दो तथा एनडीपीएस अधिनियम का एक मामला शामिल है.
20.77 लाख रुपये जुर्माना, 2,000 लीटर शराब बरामद
जुलाई में वाहन जांच अभियान के दौरान कुल 20 लाख 77 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया. पुलिस ने इस दौरान 2,000.4 लीटर देशी एवं विदेशी शराब बरामद की, जबकि 3,056.04 लीटर शराब का विनष्टीकरण किया गया.
वारंट निष्पादन के तहत 404 बेल वारंट (BW), 731 गैर-जमानती वारंट (NBW) और 235 कुर्की वारंट का निष्पादन किया गया.
बेहतर प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारियों की सराहना
जुलाई माह के दौरान लंबित कांडों के निष्पादन, वारंट तामील, अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई, गश्ती व्यवस्था एवं अन्य पुलिस कार्यों के आधार पर सभी थानों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया. बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारियों की सराहना की गई.
यह भी पढ़ें: कमर तक पानी में ड्यूटी, बिना पुल ऐसे भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा कर रहे SSB जवान
