Bagaha News: पुलिस जिला बगहा के पुलिस सभागार में जुलाई 2026 की जिला स्तरीय मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई. पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, प्रभावी गश्ती, वाहन जांच, वारंटों के निष्पादन, अवैध बालू खनन और शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की समीक्षा की गई. एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया.
लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
बैठक में एसपी ने सभी थानाध्यक्षों के कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की. उन्होंने लंबित कांडों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने, गश्ती व्यवस्था को प्रभावी बनाने और नियमित वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया. साथ ही निरोधात्मक कार्रवाई तेज करने पर भी जोर दिया गया.
पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन में तेजी लाने का निर्देश
एसपी ने पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन से जुड़े मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन करने को कहा. उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को आम लोगों की शिकायतों और सत्यापन संबंधी मामलों में तत्परता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
अवैध बालू खनन और शराब तस्करी पर सख्ती
अवैध बालू खनन और उससे जुड़े कारोबारियों के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. वहीं मद्यनिषेध अभियान की समीक्षा करते हुए शराब तस्करी एवं अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया.
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी को लेकर अलर्ट
आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं गणेश चतुर्थी पर्व को देखते हुए एसपी ने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया. असामाजिक तत्वों और हुड़दंगियों पर कड़ी नजर रखने के साथ विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सतर्कता बरतने को कहा गया.
जुलाई में 408 आरोपित गिरफ्तार
पुलिस की समीक्षा में जुलाई 2026 की प्रमुख उपलब्धियां भी सामने रखी गईं. विभिन्न मामलों में कुल 408 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया. इनमें 193 अभियुक्त कांडों में तथा 215 वारंट के मामलों में गिरफ्तार किए गए.
विभिन्न मामलों में 12 अभियुक्तों को न्यायालय से सजा भी दिलाई गई, जिसमें मानव तस्करी के 2, पॉक्सो का 1, हत्या के 6, दहेज हत्या के 2 और एनडीपीएस अधिनियम का 1 मामला शामिल है.
यह भी पढ़ें: गोविंदगंज में पोखर में डूबने से मां और चार बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम
20.77 लाख रुपये जुर्माना, 2000 लीटर से अधिक शराब बरामद
जुलाई में वाहन जांच अभियान के दौरान 20 लाख 77 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया. पुलिस ने 2000.4 लीटर देशी एवं विदेशी शराब बरामद की, जबकि 3056.04 लीटर शराब का विनष्टीकरण किया गया.
वारंट निष्पादन के तहत 404 बेल वारंट, 731 गैर-जमानती वारंट और 235 कुर्की वारंट का निष्पादन किया गया.
डायल-112 और सीसीटीएनएस की भी समीक्षा
बैठक में डायल-112 सेवा और सीसीटीएनएस की थानावार समीक्षा की गई. संबंधित अधिकारियों को सेवा को और प्रभावी बनाने तथा तकनीकी व्यवस्था का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
बैठक में मुख्यालय डीएसपी दयानंद शर्मा, एसडीपीओ बगहा निहार भूषण, थानाध्यक्ष शैलेश कुमार, उत्पल कांत, महेंद्र कुमार, जीतेन्द्र कुमार समेत अन्य थानाध्यक्ष, पुलिस निरीक्षक और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: गोविंदगंज में पोखर में डूबने से मां और चार बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम
