Bettiah News: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को नगर निगम सभागार, बेतिया में सोलर मेला-सह-सोलर लोन मेला आयोजित किया गया. विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बेतिया के तत्वावधान में आयोजित मेले का उद्घाटन जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने फीता काटकर किया. मेले में उपभोक्ताओं को सोलर रूफटॉप लगाने की प्रक्रिया, आवेदन, पंजीकरण, अनुदान और सोलर लोन से जुड़ी जानकारी दी गयी. बड़ी संख्या में लोगों ने सोलर रूफटॉप के लिए आवेदन और पंजीकरण कराया.
सोलर रूफटॉप लगाने की मिली पूरी जानकारी
मेले में पहुंचे उपभोक्ताओं को सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी. आवेदन से लेकर पंजीकरण, अनुदान और लोन की प्रक्रिया समझायी गयी.
विभिन्न सोलर वेंडरों और संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भी उपभोक्ताओं का मार्गदर्शन किया. बड़ी संख्या में लोगों ने योजना में रुचि दिखाते हुए सोलर रूफटॉप लगाने के लिए आवेदन और पंजीकरण कराया.
मौके पर कई उपभोक्ताओं की लोन प्रक्रिया पूरी
जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने बैंक अधिकारियों को इच्छुक उपभोक्ताओं को सोलर रूफटॉप लगाने के लिए ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया.
मेले के दौरान कई उपभोक्ताओं की लोन प्रक्रिया मौके पर ही पूरी करायी गयी. इससे सोलर रूफटॉप लगाने के इच्छुक लोगों को योजना का लाभ लेने में सुविधा मिली.
बिजली बिल कम करने के साथ स्वच्छ ऊर्जा को मिलेगा बढ़ावा
डीएम ने कहा कि सोलर रूफटॉप के इस्तेमाल से उपभोक्ताओं के बिजली बिल में कमी आ सकती है. इसके साथ ही स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा.
उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के इस्तेमाल से ऊर्जा आत्मनिर्भरता बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी. योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया.
महापौर ने भी मेले का लिया जायजा
मेले के उद्घाटन के बाद नगर निगम की महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने भी विभिन्न स्टॉलों का जायजा लिया. उन्होंने सोलर रूफटॉप योजना से जुड़ी जानकारी ली और मेले में पहुंचे उपभोक्ताओं से भी बातचीत की.
मौके पर उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन समेत विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
इन क्षेत्रों के विद्युत अधिकारी रहे मौजूद
मेले में विद्युत कार्यपालक अभियंता मदन कुमार के अलावा बेतिया, बगहा, मधुबनी, मझौलिया, चनपटिया, नरकटियागंज, रामनगर और सिकटा के सहायक एवं कनीय विद्युत अभियंता मौजूद रहे.
अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने और सौर ऊर्जा को अपनाने के लिए जानकारी दी.
यह भी पढ़ें: पेट दर्द हुआ तो इलाज के लिए अस्पताल पहुंची महिला, इलाज के दौरान चली गई जान, परिजनों ने उठाए सवाल