सड़क पर पानी, बाजार में घटे ग्राहक, वर्षों पुरानी जलजमाव की समस्या से सिकटा बेहाल

सिकटा बाजार में वर्षों से जलजमाव की समस्या बनी हुई है, जिससे बरसात के दिनों में सड़कें पानी में डूब जाती हैं. यह स्थिति न केवल बाजार के कारोबार को प्रभावित कर रही है, बल्कि स्कूली छात्राओं की आवाजाही को भी मुश्किल बना रही है.

West Champaran News: सिकटा बाजार में जलजमाव की समस्या वर्षों पुरानी है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं निकल सका है. बरसात शुरू होते ही बाजार की कई प्रमुख सड़कें पानी में डूब जाती हैं. पुराने रेलवे ढाला के समीप प्रखंड मुख्यालय की ओर जाने वाली सड़क भी जलजमाव की चपेट में आ जाती है. यह मार्ग प्रखंड मुख्यालय, अस्पताल और रेलवे स्टेशन के लिए प्रमुख रास्ता है, जिससे आम लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है.

Sikta News: स्कूल जाने वाली छात्राओं की बढ़ी परेशानी

पुराने रेलवे ढाला के समीप सड़क पर पानी जमा रहने से दो विद्यालयों में आने-जाने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है. विशेष रूप से प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय की छात्राओं को बरसात के दिनों में जलजमाव के बीच से होकर गुजरना पड़ता है.

अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय के सामने लंबे समय से बनी यह समस्या बच्चों की सुरक्षा और नियमित आवागमन दोनों के लिए चिंता का विषय है.

कई प्रमुख सड़कें पानी में डूबी

सिकटा बाजार की आश्रम रोड, शिव मंदिर रोड, स्टेट बैंक रोड, स्टेशन रोड, इंद्र चौक रोड और पुराना स्टेट बैंक रोड समेत कई स्थानों पर बरसात के दौरान पानी जमा हो जाता है.

जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश रुकने के बाद भी काफी देर तक पानी जमा रहता है. राहगीरों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है, जबकि दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति और मुश्किल हो जाती है.

जलजमाव से बाजार के कारोबार पर भी असर

लगातार जलजमाव का असर अब सिकटा बाजार के कारोबार पर भी पड़ने लगा है. दुकानदारों के अनुसार सड़क पर पानी जमा रहने से ग्राहक बाजार आने से बचते हैं. इससे दुकानों की बिक्री प्रभावित हो रही है और व्यापारी वर्ग चिंतित है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास के दावों के बीच सिकटा बाजार की बुनियादी जलनिकासी समस्या अब भी जस की तस बनी हुई है.

स्थायी समाधान की मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बाजार क्षेत्र में जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि नालियों की सफाई और पानी निकासी की समुचित व्यवस्था होने से बरसात में होने वाली परेशानी काफी हद तक कम हो सकती है.

जल्द समाधान का प्रयास : बीडीओ

इस संबंध में बीडीओ जयप्रकाश ने बताया कि स्कूल के सामने जलजमाव की समस्या का जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन इस समस्या का स्थायी समाधान करेगा, ताकि बरसात में बाजार की सड़कें जलाशय में तब्दील न हों और आम लोगों, विद्यार्थियों तथा दुकानदारों को राहत मिल सके.

यह भी पढ़ें: हर महीने 7 तारीख तक डेटा अपलोड नहीं किया तो बढ़ सकती है मुश्किल, स्कूलों पर शिक्षा विभाग सख्त


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमर कुमार

अमर कुमार को पत्रकारिता जगत में 10 वर्षों का अनुभव. अपराध रिपोर्टिंग, कला संस्कृति रंग कर्म, सिनेमा की खबरों के संकलन में रूचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >