Sawan 2026: श्रावण मास की दूसरी सोमवारी पर सोमवार को बेतिया शहर के ऐतिहासिक शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. सुबह से ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की कतार लग गई. सागर पोखरा स्थित मनोकामना शिव मंदिर, पिउनीबाग शिव मंदिर, हरिवाटिका शिव मंदिर, जोड़ा शिवालय और तीन लालटेन महादेव समेत प्रमुख मंदिर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंजते रहे.
मनोकामना शिव मंदिर में उमड़ी भीड़
सागर पोखरा स्थित मनोकामना शिव मंदिर में सुबह से ही बड़ी संख्या में शिव भक्त पहुंचने लगे. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र, फूल, धतूरा और प्रसाद अर्पित किया. भक्तों ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की.
शिव भक्त अमित गिरी ने कहा कि सावन की सोमवारी पर मनोकामना महादेव के दर्शन और जलाभिषेक का विशेष महत्व है. सुबह से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और पूरे दिन भक्तिमय माहौल देखने को मिला.
पिउनीबाग और हरिवाटिका मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़
पिउनीबाग शिव मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही. आचार्य उमेश शास्त्री की देखरेख में विशेष पूजा-अर्चना और जलाभिषेक कराया गया. भक्तों ने भगवान शिव को बेलपत्र और फूल अर्पित कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की.
हरिवाटिका शिव मंदिर में भी सुबह से भक्तों की आवाजाही बनी रही. सावन की सोमवारी को लेकर मंदिर परिसर में विशेष उत्साह देखने को मिला. बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे.
ऐतिहासिक जोड़ा शिवालय में भी हुआ जलाभिषेक
बेतिया राज परिसर स्थित ऐतिहासिक जोड़ा शिवालय में भी श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया. मंदिर में घंटियों की गूंज, मंत्रोच्चार और भोलेनाथ के जयकारों से माहौल शिवमय बना रहा.
शहर के तीन लालटेन महादेव समेत अन्य शिवालयों में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रही. लोगों ने श्रद्धा के साथ भगवान शिव की पूजा की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की. सावन की दूसरी सोमवारी के कारण शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में सुबह से शाम तक भक्तों की आवाजाही बनी रही.
यह भी पढे़ं: आगे अर्थी, पीछे आर्केस्ट्रा... 108 साल के बुजुर्ग की अंतिम यात्रा देख हैरान हो जाएंगे आप