Bettiah News: संत रविदास की 650वीं जयंती पर लौरिया में निकली भव्य कलश यात्रा, महादलित टोले में बंटी योजनाओं की जानकारी

संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में लौरिया में 'समरसता संकल्प अभियान' के तहत एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई. इस यात्रा ने सामाजिक समानता और भाईचारे का संदेश दिया, साथ ही महादलित टोले में सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई.

Bettiah News: महान समाज सुधारक और समरसता के प्रणेता संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार को लौरिया प्रखंड मुख्यालय से 'समरसता संकल्प अभियान' के अंतर्गत एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई. यात्रा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक पदाधिकारियों, विकास मित्रों, जीविका दीदियों, एनडीए व भाजपा कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया. इस दौरान पूरे क्षेत्र में सामाजिक समानता, आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया गया.

Lauriya News: ब्लॉक चौक और प्रभु चौक होते हुए लक्ष्मीपुर महादलित टोला पहुंची यात्रा

यह भव्य कलश यात्रा प्रखंड मुख्यालय से गाजे-बाजे और जयघोष के साथ प्रारंभ हुई. यात्रा मुख्य मार्ग, ब्लॉक चौक और प्रभु चौक होते हुए लक्ष्मीपुर महादलित टोला पहुंची.

यात्रा में शामिल महिलाएं और जीविका दीदियां सिर पर मंगल कलश लिए कतारबद्ध होकर चल रही थीं. पूरे मार्ग में संत रविदास के विचारों से जुड़े जयकारे गूंजते रहे. लक्ष्मीपुर में जनसंवाद के बाद यात्रा पुनः प्रखंड मुख्यालय पहुंची, जहां शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में इसका विधिवत समापन हुआ.

जात-पात और भेदभाव के खिलाफ वक्ताओं ने दिया संदेश

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने संत रविदास के जीवन दर्शन और उनके प्रेरणादायी विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला.

वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास ने तत्कालीन समाज में फैली छुआछूत, जातिगत भेदभाव, ऊंच-नीच और सामाजिक कुरीतियों का पुरजोर विरोध किया. उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी मनुष्य की पहचान उसके कुल या जन्म से नहीं, बल्कि उसके कर्म, विचार और आचरण से तय होती है. उनके आदर्शों को अपनाकर ही समाज में भेदभाव की दीवारों को पूरी तरह खत्म किया जा सकता है.

कलश यात्रा मे शामिल बीडीओ संजीव कुमार जीवीका प्रबंधन ललन कुमार सहित अन्य

महादलित टोले में ग्रामीणों को दी गई सरकारी योजनाओं की जानकारी

कलश यात्रा के लक्ष्मीपुर महादलित टोला पहुंचने पर एक विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया. इसमें ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई.

अधिकारियों ने पात्र लाभुकों को राशन, पेंशन, आवास और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई. अंत में सभी उपस्थित लोगों ने संत रविदास के बताए मार्ग पर चलने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का सामूहिक संकल्प लिया. यात्रा में बीडीओ संजीव कुमार, बीस सूत्री अध्यक्ष दीपूदत्त तिवारी, बीडब्ल्यूओ विकास कुमार, बीपीएम जीविका ललन कुमार, स्वच्छता समन्वयक आशुतोष कुमार सहित सभी विकास मित्र और जीविका दीदियां सक्रिय रूप से शामिल रहीं.

यह भी पढ़ें: सावन की आखिरी सोमवारी से पहले वाल्मीकिनगर में उमड़ी भीड़, त्रिवेणी संगम पर दिखा अद्भुत नजारा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कौशिक उर्फ राजा मिश्रा

कौशिक कुमार उर्फ राजा मिश्रा ने वर्ष 2011 में पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया प्रखंड से प्रभात खबर के साथ पत्रकारिता की शुरुआत की. सामाजिक, राजनीतिक और विकास से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता से उठाना इनकी पहचान रही है. बंद पड़ी लौरिया चीनी मिल को चालू कराने तथा एचपीसीएल परियोजना जैसे जनहित के विषयों पर भी वें लगातार सक्रिय रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >