Bettiah News: पश्चिम चंपारण जिले में 4 अगस्त को आयोजित होने वाला सहयोग शिविर अब 5 अगस्त 2026, बुधवार को आयोजित किया जाएगा. 4 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश घोषित होने के कारण जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है. शिविर जिले के सभी प्रखंडों की पंचायतों एवं नगर निकायों के वार्डों में पहले से निर्धारित स्थलों पर ही आयोजित होंगे.
सार्वजनिक अवकाश के कारण बदली तिथि
जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार के निर्देशानुसार यदि प्रत्येक माह के प्रथम अथवा तृतीय मंगलवार को सार्वजनिक अवकाश रहता है, तो सहयोग शिविर का आयोजन अगले कार्य दिवस पर किया जाता है. इसी प्रावधान के तहत 4 अगस्त के स्थान पर अब 5 अगस्त को शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है.
पूर्व निर्धारित स्थल पर ही होगा आयोजन
डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 5 अगस्त को सभी पूर्व निर्धारित स्थलों पर सहयोग शिविर का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि शिविर के संचालन से संबंधित सभी दिशा-निर्देश एवं मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) पूर्ववत लागू रहेंगे.
अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को शिविर के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े. सभी विभागों को समन्वय बनाकर समय पर तैयारियां पूरी करने को कहा गया है.
आम नागरिकों से शिविर में पहुंचने की अपील
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे संशोधित तिथि 5 अगस्त को अपने क्षेत्र के निर्धारित सहयोग शिविर में पहुंचकर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाएं.
यह भी पढ़ें: बेतिया: दहेज के लिए गर्भवती महिला को छत से फेंका, इलाज के दौरान मौत
