Bettiah News: प्रखंड की ग्राम पंचायत राज धूमनगर के वार्ड संख्या-9 में सड़क पर अतिक्रमण के कारण जल निकासी के लिए प्रस्तावित नाला निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है. ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की पैमाइश नहीं होने के कारण कुछ लोग नाला निर्माण का विरोध कर रहे हैं, जिससे जलजमाव की समस्या लगातार बनी हुई है.
स्कूल आने-जाने में छात्रों को हो रही परेशानी
सड़क पर जलजमाव के कारण माध्यमिक विद्यालय धूमनगर और मध्य विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों के अनुसार, पानी भरे रहने से आए दिन बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं और घायल हो जाते हैं.
पंचायत की मुखिया सुभाशनी देवी ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर सड़क किनारे 526 फीट लंबा नाला निर्माण कराने का प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार कराया गया था, लेकिन कुछ लोगों ने पहले सड़क की जमीन की पैमाइश कराने की शर्त रख दी.
यह भी पढ़ें: पश्चिम चंपारण के दोन क्षेत्र में बारिश से 26 गांवों का संपर्क टूटने की कगार पर
एक वर्ष पहले दिया था आवेदन
मुखिया सुभाशनी देवी सहित ग्रामीण सुनैना देवी, सुखदेव दास, जीउत राम, मदन राम, पिंकी देवी, अखिलेश राम और ललन राम ने सड़क की जमीन की पैमाइश कराने के लिए करीब एक वर्ष पहले आवेदन दिया था. ग्रामीणों का कहना है कि आवेदन के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे नाला निर्माण शुरू नहीं हो सका.
ऑनलाइन आवेदन के बाद होगी कार्रवाई : सीओ
इस संबंध में अंचलाधिकारी अलका कुमारी ने बताया कि संबंधित आवेदन ऑनलाइन कराने के बाद सड़क की जमीन की पैमाइश की कार्रवाई की जाएगी. इसके बाद नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
