रामनगर में स्थायी मंडी के लिए विक्रेताओं का आंदोलन, महिला-पुरुषों ने छठियाघाट में शुरू किया अनिश्चितकालीन धरना

रामपुर में फुटकर फल, सब्जी, मांस और मछली विक्रेताओं ने स्थायी मंडी की मांग को लेकर छठियाघाट प्रांगण में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है. वे सड़क किनारे कारोबार करने की समस्या से मुक्ति चाहते हैं.

West Champaran News: रामनगर में स्थायी फल, सब्जी, मांस एवं मछली मंडी की मांग को लेकर फुटकर फल, सब्जी, मछली एवं रेहड़ी विक्रेता संघ की ओर से शुक्रवार से छठियाघाट प्रांगण में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया गया. शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित धरने में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष फुटकर एवं रेहड़ी विक्रेता शामिल हुए. विक्रेताओं ने कहा कि स्थायी जगह नहीं होने के कारण उन्हें सड़क किनारे और अलग-अलग स्थानों पर कारोबार करना पड़ता है.

विक्रेताओं का कहना है कि स्थायी मंडी बनने से उनका कारोबार व्यवस्थित होगा. इसके साथ ही शहर में यातायात और व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को भी कम करने में मदद मिलेगी.

धरना-प्रदर्शन में शामिल व्यवसायी

स्थायी मंडी की मांग को लेकर शुरू हुआ आंदोलन

धरने की अध्यक्षता कर रहे सभापति प्रतिनिधि नागेंद्र साह ने कहा कि स्थायी मंडी की मांग को लेकर फुटकर एवं रेहड़ी विक्रेताओं का संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन शुरू हुआ है. उन्होंने कहा कि विक्रेताओं की मांग को गंभीरता से लेते हुए समाधान की दिशा में पहल होनी चाहिए.

उन्होंने बताया कि नगर परिषद के पास स्थायी मंडी के लिए अपनी जमीन उपलब्ध नहीं है. नगर क्षेत्र में उपलब्ध कई जमीनें सिंचाई विभाग के अधीन हैं. इन जमीनों को नगर परिषद को हस्तांतरित कराने का प्रयास पहले किया गया था, लेकिन सफलता नहीं मिली.

विधायक और सांसद से पहल करने की अपील

नागेंद्र साह ने स्थानीय विधायक सह बिहार सरकार के मंत्री, सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री से फुटकर और रेहड़ी विक्रेताओं के लिए स्थायी मंडी की व्यवस्था कराने की पहल करने की अपील की.

उन्होंने कहा कि स्थायी जगह मिलने से विक्रेताओं को बार-बार स्थान बदलकर कारोबार करने की समस्या से राहत मिलेगी और बाजार व्यवस्था को भी बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा.

नगर परिषद ने मंडी के लिए दो स्थान किए चिह्नित

नगर परिषद के ईओ मुकेश कुमार ने बताया कि सबुनी चौक तथा भैरोगंज रोड स्थित प्रखंड कार्यालय के समीप कुछ स्थानों को मंडी के लिए चिह्नित किया गया है. इन स्थलों पर विचार किया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि फुटकर सब्जी और ठेला विक्रेताओं की समस्या से वरीय पदाधिकारियों को भी अवगत कराया गया है. मंडी के लिए उपयुक्त स्थान को लेकर आगे की प्रक्रिया पर विचार किया जा रहा है.

सिंचाई विभाग की जमीन हस्तांतरित होने पर बन सकती है मंडी

उप सभापति प्रतिनिधि सुजल सिंह ने कहा कि सिंचाई विभाग की जमीन बिहार सरकार और केंद्र सरकार के अधीन है. यदि जमीन नगर परिषद को हस्तांतरित कर दी जाती है तो वहां स्थायी मंडी विकसित की जा सकती है.

उन्होंने कहा कि नगर परिषद फुटकर एवं रेहड़ी विक्रेताओं की मांग के साथ है और समस्या के समाधान के लिए प्रयास होना चाहिए.

धरने में सैकड़ों विक्रेता हुए शामिल

धरना-प्रदर्शन में शंकर साह, दीपक साह, आशीष कुमार, दिनेश कुमार, मुरारी साह, सोनू कुमार, अखिलेश साह, मो. सज्जाद, शिव साह समेत सैकड़ों महिला-पुरुष विक्रेता शामिल रहे. वहीं, समर्थन में नगर के ब्रांड एंबेसडर सदाकांत शुक्ल, चिंतामणि तिवारी, श्रीकांत गुप्ता, प्रदीप पटेल, शेखर सुमन समेत अन्य लोग मौजूद रहे.


ये भी पढ़ें: 10 फीट के अजगर को देखकर मची अफरा-तफरी, सूचना के घंटों बाद भी नहीं पहुंची रेस्क्यू टीम

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >