Bihar Cabinet Expansion: रामनगर विधायक नंदकिशोर राम के मंत्री बनने की चर्चा तेज

बिहार कैबिनेट विस्तार को लेकर राजनीतिक हलचल के बीच रामनगर विधायक नंदकिशोर राम का नाम तेजी से चर्चा में है. क्षेत्र में उनके मंत्री बनने की संभावना को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. अब सबकी नजर पटना में होने वाले बड़े फैसले पर टिकी है.

Bettiah News: बिहार कैबिनेट विस्तार को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. इस बीच रामनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक नंदकिशोर राम के मंत्री बनने की चर्चा ने क्षेत्र की राजनीति को गर्मा दिया है.

पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में प्रस्तावित कैबिनेट विस्तार की खबर सामने आने के बाद रामनगर और बगहा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है.

रामनगर को मिल सकती है नई पहचान

राजनीतिक जानकारों और समर्थकों का मानना है कि यदि नंदकिशोर राम को मंत्रिमंडल में जगह मिलती है, तो रामनगर विधानसभा क्षेत्र को राज्य स्तर पर नई पहचान मिलेगी.

भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि इससे न केवल संगठन को मजबूती मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी. खासकर युवाओं में इसे लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है.

युवा नेतृत्व को लेकर उम्मीद

समर्थकों का मानना है कि पार्टी इस बार युवा नेतृत्व को प्राथमिकता दे सकती है. ऐसे में नंदकिशोर राम का नाम संभावित मंत्रियों की सूची में चर्चा का केंद्र बना हुआ है.

हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी किसी नाम की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं.

चंद्रमोहन राय के बाद फिर जगी उम्मीद

रामनगर का राजनीतिक इतिहास भी काफी अहम माना जाता है. इससे पहले क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता चंद्रमोहन राय राज्य सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं.

उनके कार्यकाल में क्षेत्र में कई विकास कार्य हुए थे. अब लंबे समय बाद एक बार फिर रामनगर से मंत्री बनने की संभावना को लेकर समर्थकों में नई उम्मीद जगी है.

बेतिया से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >