पश्चिम चंपारण: भाद्रपद अमावस्या के पावन अवसर पर पुरानी बाजार स्थित श्रीराणी सती दादी मंदिर में दादी परिवार की ओर से आयोजित मंगल पाठ से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया. दादी के दरबार में सैकड़ों महिला श्रद्धालुओं ने एक साथ मंगल पाठ कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. ज्योत, भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना के दौरान पुरुष श्रद्धालुओं ने भी सहभागिता निभायी.
कार्यक्रम में गोरखपुर से पहुंचीं प्रसिद्ध कथावाचिका दीपा खंडेलवाल ने अपनी मधुर वाणी में मंगल पाठ प्रस्तुत किया. दादी के भजनों और मंगल पाठ की स्वर लहरियां मंदिर परिसर में गूंजती रहीं. श्रद्धालु भक्ति में भावविभोर होकर झूमते नजर आये. महिलाओं ने हाथों में पूजा की थाली लेकर दादी की आराधना की और भक्ति गीतों पर नृत्य करते हुए अपनी श्रद्धा अर्पित की. मंदिर परिसर दादी के जयकारों से गूंज उठा.
विशेष पूजा, ज्योत प्रज्वलन और आरती
आयोजन के दौरान दादी की विशेष पूजा-अर्चना, ज्योत प्रज्वलन और आरती की गयी. श्रद्धालुओं ने दादी के दरबार में माथा टेककर परिवार की खुशहाली और सभी के मंगल की प्रार्थना की.
मंदिर को फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया था, जिससे पूरा परिसर मनोहारी दिखाई दे रहा था. शाम के समय श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया.
हर वर्ष होता है मंगल पाठ का आयोजन
दादी परिवार के सदस्यों ने बताया कि भाद्रपद अमावस्या पर दादी की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है. इसी भावना के साथ हर वर्ष श्रद्धालु एकत्र होकर मंगल पाठ और पूजा-अर्चना करते हैं.
आयोजन के दौरान पुरानी बाजार सहित आसपास के क्षेत्र में भी भक्ति का माहौल बना रहा. श्रद्धालुओं ने कहा कि दादी के दरबार में पहुंचकर मन को अद्भुत शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा की अनुभूति होती है.
इस अवसर पर मधु झुनझुनवाला, मंजू झुनझुनवाला, अंजना जोशी, राखी झुनझुनवाला समेत अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें
चाट-पुचका खाने के बाद दो दर्जन से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ी, उल्टी-दस्त की शिकायत
