Raj Kachahari Bettiah: नगर निगम क्षेत्र के ऐतिहासिक राज कचहरी परिसर में दो महत्वपूर्ण पीसीसी सड़कों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. दोनों सड़कों पर 81.10 लाख रुपये खर्च होंगे. निर्माण एजेंसी शक्ति कंस्ट्रक्शन को कार्यादेश जारी कर तीन महीने के भीतर काम पूरा करने को कहा गया है.
इन सड़कों के बनने से राज ड्योढ़ी के पूर्वी और दक्षिणी गेट की ओर से राज कचहरी परिसर तक आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है.
कहां से कहां तक बनेंगी दोनों सड़कें?
महापौर गरिमा देवी सिकारिया के अनुसार, पहली पीसीसी सड़क जोड़ा शिवालय मंदिर के पास राज ड्योढ़ी के पूर्वी गेट से भवानी मंडप होते हुए राज कचहरी कार्यालय तक बनाई जाएगी.
दूसरी सड़क संत कबीर चौक के पास राज ड्योढ़ी के दक्षिणी गेट से टेंपो स्टैंड पुल तक बनेगी. दोनों सड़कों के निर्माण के लिए एजेंसी को कार्यादेश जारी कर दिया गया है.
97.58 लाख की स्वीकृति, 81.10 लाख में मिला कार्यादेश
महापौर ने बताया कि योजना के लिए 97.58 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिली थी. निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य के लिए 81.10 लाख रुपये में कार्यादेश जारी किया गया.
निर्माण एजेंसी को तीन महीने के भीतर निर्धारित मानकों के अनुसार काम पूरा करना होगा. तय समय में काम पूरा नहीं होने पर प्रतिदिन कार्यादेश राशि का 0.1 प्रतिशत अर्थदंड लगाने का प्रावधान रखा गया है.
गुणवत्ता जांच के बाद ही होगा भुगतान
महापौर के अनुसार, सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा. कार्यादेश के तहत एमआईटी मुजफ्फरपुर के सक्षम प्राधिकार द्वारा निर्माण की गुणवत्ता जांच किए जाने के बाद ही भुगतान होगा.
एजेंसी को बीओक्यू के अनुसार ही निर्माण सामग्री का इस्तेमाल करना होगा. काम शुरू होने से पहले और निर्माण पूरा होने के बाद स्थल की फोटोग्राफी भी अनिवार्य की गई है. किसी प्रकार के अग्रिम भुगतान की व्यवस्था नहीं है.
सड़क बनने के बाद 36 महीने तक एजेंसी करेगी रखरखाव
निर्माण पूरा होने के साथ एजेंसी की जिम्मेदारी खत्म नहीं होगी. कार्यादेश के मुताबिक, दोनों सड़कों के निर्माण के बाद अगले 36 महीने तक रखरखाव की जिम्मेदारी भी संबंधित एजेंसी की होगी.
इस अवधि के पूरा होने के बाद ही सुरक्षा गारंटी मद में जमा राशि वापस की जाएगी. महापौर ने कहा कि ऐतिहासिक राज कचहरी परिसर की सुविधा, सुरक्षा और सौंदर्यीकरण नगर निगम की प्राथमिकता है.
