West Champaran News: बिहार में शराबबंदी के बावजूद ट्रेनों के जरिए शराब तस्करी का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है. नरकटियागंज जंक्शन पर रेल पुलिस ने देहरादून-मुजफ्फरपुर राप्ती गंगा एक्सप्रेस (15002) की जांच के दौरान तीन लावारिस बैग से 70 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है.
बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 52.5 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये आंकी गई है.
जांच के दौरान मिले तीन लावारिस बैग
रेल पुलिस के अनुसार, नियमित जांच अभियान के दौरान ट्रेन से दो ट्रॉली बैग और एक पिट्ठू बैग लावारिस हालत में मिले.
बैगों की तलाशी लेने पर उनमें से 70 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई. हालांकि बैगों का कोई दावेदार मौके पर नहीं मिला.
रेल थानाध्यक्ष ने की पुष्टि
रेल थानाध्यक्ष दिनेश कुमार साहू ने बरामदगी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब किसने रखी थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था.
पहले भी हो चुकी हैं बड़ी गिरफ्तारियां
रेल मार्ग से शराब तस्करी के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं.
- 11 जून को सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस से 60 बोतल शराब के साथ पैंट्री कार मैनेजर संतोष साह गिरफ्तार किए गए थे.
- 29 जून को उसी तरह की कार्रवाई में 62 बोतल शराब के साथ पैंट्री कार मैनेजर अजय साह को गिरफ्तार किया गया था.
जांच अभियान हुआ तेज
लगातार हो रही बरामदगी और गिरफ्तारियों के बाद रेल पुलिस ने माना है कि ट्रेनों के जरिए शराब तस्करी का एक सक्रिय नेटवर्क काम कर रहा है.
इसी को देखते हुए विभिन्न ट्रेनों में जांच अभियान और सघन कर दिया गया है. पुलिस का कहना है कि संदिग्ध सामान और यात्रियों पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा ऐसे मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
