रामनगर में स्थायी मंडी की मांग पर दूसरे दिन भी धरना, कल से अनशन की चेतावनी, फिर होगा चक्का जाम

राम नगर में स्थायी फल, सब्जी, मछली मंडी की मांग को लेकर फुटकर विक्रेता संघ का धरना जारी है. प्रशासन द्वारा आश्वासन के बावजूद विक्रेता संतुष्ट नहीं हैं और अब अनशन व चक्का जाम की चेतावनी दी गई है.

West Champaran News: रामनगर. नगर में स्थायी फल, सब्जी, मछली मंडी की मांग को लेकर फुटकर फल, सब्जी, मछली एवं रेहड़ी विक्रेता संघ का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को दूसरे दिन भी छठिया घाट प्रांगण में जारी रहा. धरने में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष फुटकर एवं रेहड़ी विक्रेता शामिल हुए. विक्रेताओं ने स्पष्ट कहा कि उन्हें शहर से दूर किसी स्थान पर नहीं भेजा जाए और कर्पूरी आश्रम के समीप सिंचाई विभाग की जमीन पर स्थायी मंडी विकसित की जाए.

धरना स्थल पर बीडीओ अजीत कुमार, सीओ वेद प्रकाश, ईओ मुकेश कुमार, थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार, नगर सभापति गीता देवी, उप सभापति श्वेता सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग पहुंचे. अधिकारियों ने विक्रेताओं के साथ लंबी वार्ता कर उनकी मांगों और समस्या के समाधान को लेकर चर्चा की.

धरना-प्रदर्शन पर बैठे सब्जी विकेता

कर्पूरी आश्रम के पास जमीन देने की मांग

विक्रेताओं ने कहा कि फल, सब्जी, मछली और अन्य फुटकर दुकानदारों के लिए एक ही स्थान पर स्थायी मंडी की व्यवस्था की जाए. उन्होंने कर्पूरी आश्रम के समीप सिंचाई विभाग की जमीन उपलब्ध कराने की मांग रखी.

ईओ मुकेश कुमार ने बताया कि इस मामले को लेकर सीओ से कई बार बातचीत हुई है. सशक्त स्थायी समिति से प्रस्ताव पारित कर उसे वरीय पदाधिकारी और संबंधित विभाग को भेजा जाएगा, ताकि समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सके.

दो-तीन दिनों में सिंचाई विभाग को भेजा जाएगा प्रस्ताव

बीडीओ अजीत कुमार ने कहा कि सिंचाई विभाग को दो-तीन दिनों के अंदर प्रस्ताव भेजने का प्रयास किया जाएगा. विभाग की स्वीकृति मिलने के बाद जमीन उपलब्ध कराने की दिशा में आगे की कार्रवाई संभव होगी.

उन्होंने विक्रेताओं से दो माह का समय देने और धरना समाप्त करने की अपील की. हालांकि अधिकारियों के आश्वासन से धरने पर बैठे विक्रेता संतुष्ट नहीं हुए.

वर्षों से आश्वासन मिलने की बात

संघ के नेताओं ने कहा कि स्थायी मंडी की मांग को लेकर वर्षों से आश्वासन मिलता रहा है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ. नागेंद्र साह ने कहा कि फल, सब्जी, मछली समेत अन्य फुटकर दुकानों की व्यवस्था एक ही स्थान पर होनी चाहिए.

सुजल सिंह ने कहा कि समस्या का जिला स्तर पर समाधान कराकर सिंचाई विभाग की जमीन हस्तांतरित कराने की दिशा में पहल होनी चाहिए. विक्रेताओं ने जिलाधिकारी को धरना स्थल पर बुलाने की मांग भी की.

कल से अनशन, मांग पूरी नहीं हुई तो चक्का जाम

विक्रेताओं ने आंदोलन को आगे बढ़ाने की चेतावनी दी है. उनका कहना है कि शनिवार को धरना जारी रहेगा और इसके बाद रविवार से अनशन शुरू किया जाएगा. मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में चक्का जाम करने की भी चेतावनी दी गयी है.

विक्रेताओं ने कहा कि जब तक स्थायी मंडी की ठोस व्यवस्था नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा. इस दौरान धरना स्थल पर ‘सब्जी ठेला जिंदाबाद’ के नारे भी लगाए गए.

सैकड़ों महिला-पुरुष विक्रेता रहे मौजूद

धरने में अलाउद्दीन राइन, फिरोज राईन, शंकर साह, दीपक साह, आशीष कुमार, दिनेश कुमार, मुरारी साह, सोनू कुमार, अखिलेश साह, मो. सज्जाद, शिव साह समेत सैकड़ों महिला-पुरुष विक्रेता शामिल रहे.

आंदोलन के समर्थन में चिंतामणि तिवारी, श्रीकांत गुप्ता, पिंटू गुप्ता, प्रदीप पटेल, जितेंद्र राम समेत अन्य लोग मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >