Nautan Tree Plantation Campaign: राजकीय मध्य विद्यालय मंगलपुर के छात्रों को अब अपने जन्मदिन पर घर के आसपास एक-एक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा. शुक्रवार को विद्यालय परिसर में पौधारोपण के दौरान प्रधानाध्यापक सुनील पासवान ने यह पहल शुरू करते हुए बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाया.
पेड़ों की कटाई पर जताई चिंता
प्रधानाध्यापक सुनील पासवान ने कहा कि पेड़ों की अंधाधुंध कटाई से पर्यावरण पर लगातार खतरा बढ़ रहा है. आने वाली पीढ़ियों को पर्यावरण और पेड़ों के महत्व के बारे में जागरूक करके ही इनके संरक्षण को बढ़ावा दिया जा सकता है.
उन्होंने कहा कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ छात्रों को विभिन्न सामाजिक और पर्यावरणीय गतिविधियों से भी जोड़ा जा रहा है.
जन्मदिन पर पेड़ लगाने की पहल
इसी क्रम में छात्रों को अपने जन्मदिन पर घर में या आसपास एक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया गया है. इसका उद्देश्य बच्चों में कम उम्र से ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी विकसित करना है.
विद्यालय में आयोजित अभिभावक गोष्ठियों के दौरान भी माता-पिता को पेड़ों के संरक्षण और पर्यावरण के महत्व की जानकारी दी जा रही है.
दियारा क्षेत्र में चलेगा जागरूकता अभियान
विद्यालय की ओर से दियारा क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण को लेकर सघन जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया है. इसके माध्यम से छात्रों के साथ स्थानीय लोगों को भी पौधारोपण और पेड़ों की सुरक्षा के लिए प्रेरित किया जाएगा.
पौधारोपण कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय बरियारपुर के प्रधानाध्यापक वीर पासवान, नवल कुमार साह समेत अन्य लोग मौजूद रहे.
