Bettiah News: नरकटियागंज नगर के पुरानी बाजार स्थित वार्ड संख्या-2 के एक निजी क्लीनिक में ऑपरेशन के बाद पांच माह की गर्भवती महिला और उसके गर्भस्थ बच्चे की मौत हो गयी. घटना के बाद परिजनों ने क्लीनिक के बाहर जमकर हंगामा किया. परिजनों ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया. सूचना मिलने पर शिकारपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया.
मृतका की पहचान इनरवा थाना क्षेत्र के घोड़पकड़ी गांव निवासी रेयाज अहमद की 25 वर्षीय पत्नी सलमा खातून के रूप में हुई है.
Narkatiaganj News: पेट में दर्द के बाद क्लीनिक लाया गया था
मृतका के पति रेयाज अहमद ने बताया कि सलमा पांच माह की गर्भवती थी. पेट में दर्द होने के बाद उसे नरकटियागंज के वार्ड संख्या-2 स्थित शुक्ला क्लीनिक में डॉ. एसके शुक्ला के यहां इलाज के लिए लाया गया था.
परिजनों के अनुसार, महिला को क्लीनिक में भर्ती करने के बाद चिकित्सक ने ऑपरेशन करने की बात कही. ऑपरेशन के लिए 25 हजार रुपये में बात तय हुई थी, जिसमें परिजनों ने 14 हजार रुपये जमा कर दिये.
इसके बाद महिला का ऑपरेशन किया गया. ऑपरेशन के बाद अचानक सलमा की तबीयत बिगड़ गयी और उसकी मौत हो गयी.
महिला की मौत के बाद एंबुलेंस रोककर हंगामा
परिजनों का आरोप है कि महिला की मौत के बाद क्लीनिक प्रबंधन ने एंबुलेंस बुलायी और उसे पटना रेफर करने की बात कही. इसके बाद परिजनों ने शव को एंबुलेंस में रख दिया.
परिजनों ने क्लीनिक के बाहर करीब एक घंटे तक एंबुलेंस को आगे जाने से रोक दिया और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जुट गये.
शिकारपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया. हालांकि, परिजन चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग को लेकर शव के साथ मौके पर डटे रहे.
मां और बहन समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
सलमा की मौत के बाद उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. मृतका की मां, बहन, देवरानी समेत अन्य परिजन मौके पर मौजूद रहे.
घटना के बाद क्लीनिक के आसपास काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही. परिजन मामले में चिकित्सक और क्लीनिक प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे.
जांच के बाद होगी कार्रवाई
अनुमंडलीय अस्पताल, नरकटियागंज के उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि शुक्ला क्लीनिक में ऑपरेशन के बाद जच्चा-बच्चा की मौत की सूचना मिली है. मामले की जांच-पड़ताल की जाएगी.
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना वरीय पदाधिकारी को दे दी गयी है. जांच के बाद अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले में मौत के कारण और इलाज के दौरान हुई प्रक्रिया की जांच की जा रही है.
