Narkatiaganj Family Planning Campaign: विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल में जनसंख्या नियंत्रण पखवाड़ा शुरू किया गया है. अभियान के दौरान परिवार नियोजन के लिए 10 पुरुषों ने स्वेच्छा से नसबंदी कराई, जबकि 80 महिलाओं का बंध्याकरण किया गया.
अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया. उन्होंने बढ़ती जनसंख्या से जुड़ी सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों को देखते हुए परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता को जरूरी बताया.
31 जुलाई तक घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम
बीसीएम राकेश कुमार ने बताया कि जनसंख्या नियंत्रण पखवाड़ा 31 जुलाई तक चलेगा. इस दौरान आशा, ममता और अन्य स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों को परिवार नियोजन से जुड़ी जानकारी देंगे.
लोगों को छोटे परिवार के लाभ, सुरक्षित मातृत्व और उपलब्ध गर्भनिरोधक साधनों के बारे में जागरूक किया जाएगा.
अस्पताल में सालभर मिलेगी महिला नसबंदी की सुविधा
डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि अनुमंडलीय अस्पताल में महिला नसबंदी की सुविधा अब पूरे साल उपलब्ध है. परिवार नियोजन अपनाने वाले लाभार्थियों के लिए विभिन्न गर्भनिरोधक साधन भी नि:शुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं.
इनमें माला-एन, छाया, ईसी पिल्स, आईयूसीडी, अंतरा इंजेक्शन और कंडोम शामिल हैं. स्वास्थ्य विभाग का जोर लोगों तक इन सुविधाओं की जानकारी पहुंचाने और उन्हें परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करने पर है.
कार्यक्रम में चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अबरार आलम, डॉ. गोविंद चंद्र शुक्ला, डॉ. एहसान फिरोज, अस्पताल प्रबंधक विपिन राज कुमार, दीपक कुमार समेत आशा कार्यकर्ता और आशा फैसिलिटेटर मौजूद रहे. अभियान 31 जुलाई तक जारी रहेगा.
