Bettiah News: बेतिया. मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के महनागनी गांव के समीप सोमवार को रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के 18 वर्षीय छात्र अभिजित कुमार की मौत हो गई. अभिजित करीब एक सप्ताह पहले ही औरंगाबाद से बेतिया पढ़ाई करने आया था. घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थानाध्यक्ष सम्राट सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की.
महनागनी के पास रेलवे ट्रैक पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार अभिजित कुमार रेलवे ट्रैक के पास किन परिस्थितियों में पहुंचा, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है. इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद रेलवे ट्रैक के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
एक सप्ताह पहले ही औरंगाबाद से आया था बेतिया
मृतक की पहचान औरंगाबाद जिले के अम्मा थाना क्षेत्र निवासी जगनारायण पाल के 18 वर्षीय पुत्र अभिजित कुमार के रूप में हुई है. बताया गया कि वह बेतिया के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था.
अभिजित करीब एक सप्ताह पहले ही अपने घर औरंगाबाद से बेतिया आया था. पढ़ाई के दौरान वह कॉलेज के आसपास ही रह रहा था.
पढ़ाई में था होनहार, परिवार को थी बड़ी उम्मीदें
मृतक के मौसेरे भाई अभिषेक कुमार ने बताया कि अभिजित पढ़ाई में काफी अच्छा था और अपनी पढ़ाई को लेकर गंभीर रहता था. परिवार के लोगों को उससे काफी उम्मीदें थीं.
अचानक उसकी मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना पर मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया.
थानाध्यक्ष सम्राट सिंह ने पुलिस टीम के साथ घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई.
रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा, पुलिस कर रही जांच
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि अभिजित रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आया. मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है.
यह भी पढ़ें: 17 से 22 अगस्त तक लगेगा विशेष बिजली बिल सुधार शिविर, मौके पर होगा शिकायतों का समाधान
