Bagaha News: पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के निर्देश पर जिले में चलाए गए विशेष अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया है. सभी गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
अभियान के दौरान पुलिस ने वारंटियों की गिरफ्तारी, शराबबंदी कानून के पालन और वाहन जांच पर विशेष जोर दिया.
कई थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई
एसपी राजेश कुमार ने बताया कि नौरंगिया थाना पुलिस ने मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत रामेश्वर राम, मुन्ना राम, समेन्द्र कुमार यादव और सूरज कुमार को गिरफ्तार किया.
पुलिस ने इनके पास से एक लीटर अंग्रेजी शराब और एक चारपहिया वाहन भी बरामद किया है.
रामनगर और वाल्मीकिनगर में भी गिरफ्तारी
रामनगर थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा के तहत चन्दन राम तथा मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत सुदामा राम को गिरफ्तार किया. वहीं वारंट के एक मामले में रामेश्वर मांझी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया.
रामनगर पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो लीटर देसी चुलाई शराब भी बरामद की.
वहीं वाल्मीकिनगर थाना पुलिस ने मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत पुरुषोत्तम विसवा, शंभु कुमार विसवा और प्रदीप चौधरी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया.
31 वारंट का निष्पादन, एक कुर्की की कार्रवाई
एसपी ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान जिलेभर में 31 वारंटों का निष्पादन किया गया. इसके अलावा एक कुर्की की कार्रवाई भी की गई.
उन्होंने कहा कि फरार आरोपितों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी.
618 वाहनों की जांच, ₹1.12 लाख जुर्माना
वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने 618 वाहनों की जांच की. यातायात नियमों के उल्लंघन पर ₹1 लाख 12 हजार का जुर्माना वसूला गया.
एसपी राजेश कुमार ने कहा कि अपराध नियंत्रण, शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और वारंटियों की गिरफ्तारी को लेकर जिले में विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
