Bettiah News: पश्चिम चंपारण के बगहा पुलिस जिले में अपराध नियंत्रण और शराबबंदी कानून के सख्त पालन को लेकर पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है. एसपी राजेश कुमार के निर्देश पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान शराब तस्करी, लंबित वारंटों के निष्पादन और वाहन जांच में बड़ी कार्रवाई की गई. पुलिस ने कई आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
दो थानों से 40 लीटर से अधिक शराब बरामद
बथवरिया थाना पुलिस ने मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए शिव साह को गिरफ्तार किया. उसके पास से 3.6 लीटर विदेशी और 5.2 लीटर देशी शराब बरामद हुई.
वहीं, भैरोगंज थाना पुलिस ने कमल उरांव को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 32.5 लीटर देशी चुलाई शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की. बरामद शराब और वाहन को जब्त करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
बीएनएस मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
लौकरिया थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत दर्ज एक मामले में भरथ यादव और अमर यादव को गिरफ्तार किया. दोनों आरोपितों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय भेज दिया गया.
17 वारंटों का निष्पादन, 446 वाहनों की जांच
एसपी राजेश कुमार ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान जिले में कुल 17 लंबित वारंटों का निष्पादन किया गया. साथ ही सघन वाहन जांच अभियान में 446 वाहनों की जांच की गई.
यातायात नियम तोड़ने वालों से ₹50,500 जुर्माना
वाहन जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से कुल 50,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया. पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
एसपी बोले- अभियान आगे भी रहेगा जारी
एसपी राजेश कुमार ने कहा कि अपराध नियंत्रण, शराब तस्करी पर रोक और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा. शराब तस्करों, अपराधियों और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: गुरु पूर्णिमा पर श्री देवराहा बाबा आश्रम में होगा भव्य महोत्सव, भजन-कीर्तन और भंडारे का आयोजन
