Bettiah News: नगर निगम कार्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया. महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने ध्वजारोहण कर उप महापौर, नगर आयुक्त, नगर पार्षदों, गणमान्य नागरिकों और नगर निगम कर्मियों को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के त्याग व बलिदान को नमन करते हुए शहर के विकास के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत बतायी.
स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों को किया नमन
महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि आज देशवासी जिस स्वतंत्र वातावरण में अपने अधिकारों का उपयोग कर रहे हैं, वह स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के त्याग एवं बलिदान का परिणाम है. उन्होंने उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की.
उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी ताकत विविधता में एकता है. इसी भावना के साथ नगर निगम परिवार को भी काम करना चाहिए.
विकास के मुद्दे पर एकजुट होकर काम करने की अपील
महापौर ने कहा कि नगर निगम परिवार में अलग-अलग विचार होना स्वाभाविक है, लेकिन शहर के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सभी को एकजुट होकर काम करना चाहिए. उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों से अपनी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया.
उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और आपसी सहयोग से बेतिया को आदर्श और सुंदर शहर बनाया जा सकता है.
जय हिंद और जय भारत के नारों से गूंजा परिसर
समारोह के दौरान स्वतंत्रता दिवस की भावना और देशभक्ति का माहौल रहा. महापौर ने नगर निगम से जुड़े सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों से शहर हित में मिलकर काम करने की अपील की. कार्यक्रम का समापन जय हिंद और जय भारत के नारों के साथ हुआ.
यह भी पढ़ें
बेलबाग चौक धमाका : पुलिस कप्तान के निर्देश पर एक्शन में एसआइटी, ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू
