Bettiah Pension News: बेतिया में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के लिए जरूरी सूचना जारी की गई है. समय पर जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराने पर पेंशन भुगतान प्रभावित हो सकता है. इसे लेकर सोमवार को उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक हुई.
बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी और प्रखंड कार्यपालक सहायकों ने हिस्सा लिया. अधिकारियों को लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने और शत-प्रतिशत जीवन प्रमाणीकरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया.
जीवन प्रमाणीकरण क्यों जरूरी है?
सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग विकास कुमार ने बताया कि नियमित पेंशन भुगतान जारी रखने के लिए प्रत्येक पात्र लाभार्थी का समय पर जीवन प्रमाणीकरण कराना अनिवार्य है. इससे यह प्रमाणित होता है कि संबंधित पेंशनधारी जीवित हैं और उन्हें बिना रुकावट पेंशन मिलती रहे.
पंचायत कार्यालयों में मिलेगी मुफ्त सुविधा
जिला पंचायत राज पदाधिकारी सौरव आलोक ने बताया कि पेंशनधारियों की सुविधा के लिए सभी ग्राम पंचायत कार्यालयों में बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से निशुल्क जीवन प्रमाणीकरण की व्यवस्था की गई है. लाभार्थी अपने नजदीकी पंचायत कार्यालय पहुंचकर यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.
अधिकारियों को क्या निर्देश दिए गए?
उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने का निर्देश दिया. साथ ही मृत पेंशनधारियों की पहचान कर अभिलेख अद्यतन करने को कहा.
उन्होंने विकास मित्र, पंचायत सचिव और कार्यपालक सहायकों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा नियमित अनुश्रवण कर कार्य समय पर पूरा कराने के निर्देश भी दिए.
पेंशनधारियों से अपील
बैठक के अंत में सभी पेंशनधारियों से अपील की गई कि वे अपने निकटतम पंचायत कार्यालय पहुंचकर जल्द से जल्द जीवन प्रमाणीकरण करा लें. इससे पेंशन भुगतान में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आएगी.
