panchayat development day: बेतिया के 303 पंचायतों में आज मनेगा विकास दिवस, प्रभारी मंत्री भी होंगे शामिल

panchayat development day: पश्चिम चंपारण की 303 ग्राम पंचायतों में रविवार को पंचायत विकास दिवस मनाया जा रहा है. इस दौरान ग्रामीण विकास की योजनाओं पर महामंथन होगा और अमवा मझार पंचायत में प्रभारी मंत्री लखेंद्र कुमार खुद मौजूद रहेंगे. जानिए पूरी खबर…

बेतिया से अवध किशोर तिवारी की रिपोर्ट

panchayat development day: पश्चिम चंपारण जिले की सभी 303 ग्राम पंचायतों में रविवार को पंचायत विकास दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा. पंचायती राज विभाग के निर्देश पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में पंचायत स्तर पर बैठकों का दौर चलेगा, जिसमें ग्रामीण विकास, जनभागीदारी और भविष्य की योजनाओं की रूपरेखा तय की जाएगी. जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. यह बैठक सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक पंचायत सरकार भवन या स्थानीय विद्यालयों में आयोजित होगी, जिसमें ग्रामीण विकास से जुड़े 9 प्रमुख विषयों (थीम) पर विस्तार से चर्चा की जाएगी.

अमवा मझार पहुंचेंगे प्रभारी मंत्री लखेंद्र कुमार

इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिले के सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है. इसका मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर पर योजनाओं को लेकर व्यापक संवाद स्थापित करना है. इस कड़ी में मझौलिया प्रखंड की अमवा मझार पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में बिहार सरकार के अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री सह पश्चिम चंपारण के प्रभारी मंत्री लखेंद्र कुमार खुद शामिल होंगे. उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक महकमा पूरी तरह अलर्ट है.

मुखिया साझा करेंगे उपलब्धियां 

कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक पंचायत के मुखिया ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पिछले पांच से दस मिनट के भाषण में केंद्र, राज्य और जिला स्तर की विकास योजनाओं की जानकारी देंगे. वे पंचायत की अब तक की उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजनाओं को भी जनता के सामने रखेंगे. 

हर प्रखंड में प्रभारी अधिकारी तैनात

जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने इस महामंथन की निगरानी के लिए सभी प्रखंडों में प्रभारी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है. जिला प्रशासन का मानना है कि इस आयोजन से ग्रामीणों की सीधी भागीदारी बढ़ेगी और स्थानीय समस्याओं के समाधान को नई दिशा मिलेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >