Passport Verification: पासपोर्ट सत्यापन को लेकर पश्चिम चंपारण पुलिस ने आम लोगों के लिए अहम जानकारी जारी की है. एसएसपी कुमार गौतम ने स्पष्ट किया है कि पासपोर्ट सत्यापन के लिए आवेदन करने के बाद आवेदकों को अनावश्यक रूप से थाना जाने की जरूरत नहीं है. यदि सत्यापन के दौरान किसी तरह की जानकारी अधूरी मिलती है या अतिरिक्त दस्तावेज की आवश्यकता होती है, तो संबंधित थाना खुद आवेदक से संपर्क करेगा.
थाना नहीं, पुलिस करेगी आवेदक से संपर्क
एसएसपी कुमार गौतम ने बताया कि पासपोर्ट पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया भारत सरकार और बिहार पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से की जाती है. उन्होंने कहा कि आवेदक आवेदन के समय सही और पूरी जानकारी दें तथा जरूरत पड़ने पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, ताकि सत्यापन प्रक्रिया बिना किसी देरी के पूरी हो सके.
पासपोर्ट सत्यापन के नाम पर कोई शुल्क नहीं
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पासपोर्ट पुलिस सत्यापन के लिए थाना स्तर पर किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता है. यदि कोई पुलिसकर्मी या अन्य व्यक्ति सत्यापन के नाम पर पैसे या किसी प्रकार की अवैध राशि मांगता है, तो उसे किसी भी परिस्थिति में भुगतान नहीं करें.
रिश्वत मांगने पर तुरंत करें शिकायत
उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति पासपोर्ट सत्यापन के नाम पर पैसे मांगता है, तो इसकी तत्काल सूचना पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9546434879 पर दें. शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर दोषी पुलिसकर्मी या संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था में सहयोग की अपील
एसएसपी कुमार गौतम ने आम लोगों से अपील की कि किसी भी तरह के प्रलोभन या अवैध वसूली का विरोध करें और भ्रष्टाचार मुक्त एवं पारदर्शी व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें.
यह भी पढे़ं: बेतिया में कांग्रेस का आक्रोश मार्च, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और पेपर लीक पर कार्रवाई की मांग
