नेपाल में बाढ़ के बाद बगहा में खतरे की घंटी, खाली कराए जा रहे निचले इलाके

नेपाल में भारी बारिश के कारण गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे बिहार और उत्तर प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है. बगहा के छह प्रखंडों में बाढ़ का असर पड़ने की आशंका है. प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है.

Nepal Flood: बगहा. नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ के बाद गंडक नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि से बिहार और उत्तर प्रदेश में अलर्ट की स्थिति बनी हुई है. बगहा अनुमंडल के छह प्रखंडों में बाढ़ का असर पड़ने की आशंका है. इनमें गंडक दियारा क्षेत्र से जुड़े पांच प्रखंड अधिक संवेदनशील हैं, जबकि बगहा-1 में आंशिक प्रभाव की संभावना जतायी गयी है. संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने तटबंधों और संवेदनशील गांवों में निगरानी बढ़ा दी है.

दियारा क्षेत्र के गांवों में प्रशासन ने करायी माइकिंग

बाढ़ की आशंका को देखते हुए पश्चिम चंपारण डीएम तरनजोत सिंह, बगहा एसडीएम चांदनी कुमारी, एसपी राजेश कुमार समेत दियारा क्षेत्र के प्रखंडों के बीडीओ और सीओ ने पिपरा-पिपरासी तटबंध सहित आसपास के गांवों में माइकिंग करायी.

अधिकारियों ने ग्रामीणों से जलस्तर बढ़ने की स्थिति में बिना देरी किए सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की. लोगों को प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने और अफवाहों से बचने को कहा गया.

डीएम ने कैलाश नगर का लिया जायजा, बराज पर कैंप

डीएम तरनजोत सिंह ने बगहा शहर के कैलाश नगर, वार्ड नंबर-8 पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया. वहीं वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बराज पर एसडीएम चांदनी कुमारी और एसपी राजेश कुमार कई घंटे तक कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए रहे.

प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार तटबंधों तथा संवेदनशील इलाकों की निगरानी कर रही हैं.

गंडक बराज से 1.50 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को वाल्मीकिनगर गंडक बराज से करीब 1.50 लाख क्यूसेक पानी गंडक नदी में छोड़ा गया. हालांकि अब बराज से छोड़े जा रहे पानी में कमी आ रही है.

इसके बावजूद दियारा क्षेत्र के कई गांवों में ग्रामीणों के बीच चिंता बनी हुई है. कई परिवार बच्चों, बुजुर्गों और जरूरी सामान के साथ सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों की ओर जाते नजर आए.

मधुबनी के चिऊरही और सिसही में भी अलर्ट

मधुबनी प्रखंड की चिऊरही और सिसही पंचायत समेत दियारा से सटे गांवों में भी प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है.

अंचलाधिकारी नंदलाल राम और बीडीओ कुंदन कुमार ने गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों को सावधान रहने की सलाह दी. अधिकारियों ने जरूरी सामान, खाद्य सामग्री, दवाइयां और अन्य आवश्यक वस्तुएं साथ लेकर बांध पर अस्थायी रूप से रहने की अपील की.

बच्चों और बुजुर्गों को पहले सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की अपील

प्रशासन ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को कहा है. ग्रामीणों से जलस्तर बढ़ने की स्थिति में बिना देरी किए सुरक्षित स्थानों पर चले जाने की अपील की गयी है.

प्रशासन की ओर से लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की सलाह दी गयी है.

यह भी पढ़ें: नेपाल बाढ़: सैलाब में बिछड़े 14 लोग, 3 शव मिले, अपनों की तलाश में परिवार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Israel ansari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >