Bettiah News: NEET पेपर लीक मामले को लेकर प्रस्तावित आंदोलन के मद्देनजर नरकटियागंज जंक्शन और रेलवे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. मुख्यालय से मिले निर्देश के बाद RPF, GRP और शिकारपुर पुलिस ने शनिवार को जंक्शन पर विशेष निगरानी अभियान चलाया. इस दौरान यात्रियों के साथ-साथ आने-जाने वाली ट्रेनों की भी सघन जांच की गई.
Narkatiaganj News: जंक्शन पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात
प्रस्तावित आंदोलन को देखते हुए नरकटियागंज जंक्शन पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई. प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वार समेत रेलवे परिसर के विभिन्न हिस्सों में लगातार निगरानी रखी गई. सुरक्षा बलों ने संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को समय रहते रोका जा सके.
सत्याग्रह एक्सप्रेस समेत प्रमुख ट्रेनों पर नजर
RPF पोस्ट कमांडर ऋतुराज कश्यप ने बताया कि रक्सौल-आनंद विहार 15273 सत्याग्रह एक्सप्रेस, 12251 अयोध्या-जालंधर सिटी एक्सप्रेस और 12566 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस समेत अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों का परिचालन पूरी सतर्कता के साथ कराया गया. सभी पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों की भी नियमित जांच की जा रही है.
रेलवे परिसर में बढ़ाई गई गश्त
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रेलवे परिसर में गश्त बढ़ा दी गई है. RPF और GRP के जवानों को विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है. रेलवे प्रशासन ने आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां भी पूरी रखने को कहा है.
यात्रियों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें. यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे तो तत्काल RPF या GRP को सूचना दें. सुरक्षा व्यवस्था के कारण पूरे दिन नरकटियागंज जंक्शन पर चाक-चौबंद माहौल बना रहा.
यह भी पढ़ें: शिक्षक स्थानांतरण-2026 के लिए नई SOP जारी, अब ई-शिक्षाकोष पोर्टल से होगी पूरी प्रक्रिया
