बगहा में राष्ट्रीय लोक अदालत शुरू, 13 बेंच पर इन मामलों का होगा त्वरित निपटारा

बगहा में राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान 13 बेंच पर विभिन्न सुलहनीय मामलों की सुनवाई की जा रही है. अधिकारियों ने बैंक ऋण मामलों में अधिक से अधिक समझौते कराने और पक्षकारों को राहत देने पर जोर दिया है.

बगहा लोक अदालत: बगहा व्यवहार न्यायालय परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ हुआ. कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत ‘सुजलाम-सुफलाम’ के सामूहिक गायन से हुई. इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर लोक अदालत की औपचारिक कार्यवाही शुरू की गई. मौके पर न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि आपसी सहमति और समझौते के आधार पर मामलों का त्वरित और सरल निपटारा लोक अदालत के माध्यम से किया जा सकता है. कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ के साथ हुआ.

13 बेंच पर मामलों का होगा निपटारा

राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम सह अनुमंडल विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष मनीष कुमार द्विवेदी ने किया. उन्होंने बताया कि मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए कुल 13 बेंच का गठन किया गया है. इन बेंच के माध्यम से विभिन्न प्रकार के सुलहनीय मामलों की सुनवाई और समझौते के आधार पर निपटारा किया जा रहा है.

लोक अदालत में लोगों को लंबे समय तक चलने वाले विवादों से राहत देने और आपसी सहमति से मामलों का समाधान कराने पर जोर दिया जा रहा है.

बैंक ऋण मामलों में समझौते पर जोर

एडीजे चतुर्थ मानवेंद्र मिश्र ने बैंक प्रतिनिधियों को ऋण संबंधी मामलों में अधिक से अधिक समझौते का प्रयास करने का निर्देश दिया. उन्होंने पक्षकारों को राहत देते हुए कम से कम राशि में मामलों का निपटारा कराने पर जोर दिया.

लोक अदालत में बैंक ऋण से जुड़े मामलों के अलावा चेक बाउंस और अन्य सुलहनीय मामलों को भी शामिल किया गया है. संबंधित पक्षों को आपसी सहमति से विवाद खत्म करने का अवसर दिया जा रहा है.

गांव-गांव चलाया गया जागरूकता अभियान

अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सह अनुमंडल विधिक सेवा समिति के सचिव आलोक कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर पीएलवी के माध्यम से गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाया गया. इस दौरान लोगों को लोक अदालत के फायदे और मामलों के निपटारे की प्रक्रिया की जानकारी दी गई.

उन्होंने बताया कि बगहा में प्रत्येक लोक अदालत में पिछले आयोजन की तुलना में अधिक मामलों का निष्पादन किया जा रहा है. लोगों को विवादों का जल्द समाधान कराने के लिए लोक अदालत में पहुंचने के लिए प्रेरित किया गया.

इन मामलों की हो रही सुनवाई

राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक ऋण, आपराधिक शमनीय मामले, चेक बाउंस, यातायात चालान, दूरसंचार, बिजली-पानी, वन विभाग, मापतौल, सर्टिफिकेट केस, श्रम, खान एवं खनिज, पर्यावरण से जुड़े शमनीय मामले और वैवाहिक विवाद समेत अन्य सुलहनीय मामलों की सुनवाई की जा रही है.

कार्यक्रम में बगहा एसपी राजेश कुमार, एसडीएम चांदनी कुमारी, एडीजे चतुर्थ मानवेंद्र मिश्र, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सह विधिक सेवा समिति के सचिव आलोक कुमार चतुर्वेदी, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सह सब जज प्रथम कीर्ति प्रसाद समेत अन्य न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.

न्यायिक अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे आपसी सहमति से विवादों का शीघ्र समाधान कराने के लिए अधिक से अधिक संख्या में राष्ट्रीय लोक अदालत में पहुंचें.

यह भी पढे़ं:

बेतिया में मिड-डे मील को लेकर सख्ती, खाने के पास मॉर्टिन-फिनाइल रखा तो होगी कार्रवाई

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Israel ansari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >