Bettiah News: नरकटियागंज रेलवे जंक्शन के उत्तरी हिस्से से स्टेशन परिसर तक यात्रियों के लिए सुरक्षित, सुलभ और सुविधाजनक प्रवेश मार्ग उपलब्ध कराने की जनमांग एक बार फिर तेज हो गई है. शुक्रवार को 'शहरी एवं ग्रामीण विकास मंच' के प्रतिनिधिमंडल ने स्टेशन अधीक्षक (SS) मोहम्मद कलीम से मुलाकात कर एक मांग पत्र सौंपा. इसके साथ ही मंडल रेल प्रबंधक (DRM), पूर्व मध्य रेलवे, समस्तीपुर को भी विस्तृत पत्र भेजकर उत्तरी छोर पर बाउंड्री वॉल निर्माण से हो रही दिक्कतों का समाधान करने और एस्केलेटर (चलंत सीढ़ी) लगाने की मांग की गई है.
Narkatiaganj News: 70 फीसदी यात्री उत्तर दिशा से पहुंचते हैं जंक्शन
मंच के सदस्यों ने ज्ञापन में प्रमुखता से उल्लेख किया है कि नरकटियागंज स्टेशन पर पहुंचने वाले कुल यात्रियों में से लगभग 30 प्रतिशत यात्री ही दक्षिणी हिस्से से आते हैं, जबकि 70 प्रतिशत यात्री शहर, दोन क्षेत्र तथा नरकटियागंज विधानसभा के दर्जनों गांवों से उत्तरी दिशा के रास्ते स्टेशन पहुंचते हैं.
दक्षिणी प्रवेश द्वार पर यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट की व्यवस्था की गई है, लेकिन जिस उत्तरी हिस्से से 70 फीसदी आबादी आती है, वहां कोई सीधा प्रवेश द्वार या लिफ्ट-एस्केलेटर की सुविधा उपलब्ध नहीं है.
फुट ओवरब्रिज चढ़ने की मजबूरी
पत्र में बताया गया है कि हाल ही में उत्तर दिशा में चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) का निर्माण हो जाने से सीधे स्टेशन परिसर में प्रवेश का रास्ता बंद हो गया है.
यात्रियों को विवश होकर लंबा चक्कर लगाकर फुट ओवरब्रिज की ऊंची सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं. इससे वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग यात्रियों, महिलाओं, बच्चों और भारी सामान लेकर सफर करने वाले यात्रियों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ता है. ट्रेन पकड़ने की जल्दीबाजी में कई बार यात्रियों के गिरने और चोटिल होने की आशंका बनी रहती है.
लिफ्ट के बजाय एस्केलेटर लगाने का दिया सुझाव
मंच के प्रतिनिधियों ने रेल प्रशासन को सुझाव दिया है कि उत्तरी दिशा से स्टेशन परिसर तक पहुंचने के लिए एस्केलेटर (चलंत सीढ़ी) की सुविधा शुरू की जाए.
एस्केलेटर लगने से एक साथ बड़ी संख्या में यात्री बिना किसी जाम के आसानी से प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकेंगे. लिफ्ट की तुलना में एस्केलेटर से भारी भीड़ और लगेज वाले यात्रियों को अधिक सुगमता होगी. ज्ञापन सौंपने वालों में मंच के अखिलेश राज, सागर श्रीवास्तव, किशोरी जायसवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे.
