West Champaran News: सावन की पहली सोमवारी पर सोमवार को नरकटियागंज शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा. सुबह से ही बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचे. श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की.
Narkatiaganj News: प्रमुख शिवालयों में दिनभर लगी रही श्रद्धालुओं की कतार
बनवरिया शिव मंदिर, बिरला मंदिर, राम-जानकी मंदिर, देवी स्थान, हरदिया माई देवी स्थान, सिद्धिविनायक मंदिर, सोफा मंदिर समेत शहर और गांवों के विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की.
बनवरिया और हरदिया माई मंदिर में सबसे अधिक भीड़
बनवरिया शिव मंदिर और हरदिया माई देवी स्थान मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. महिला, पुरुष, युवा और बच्चे भगवान शिव के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे. मंदिर परिसर पूरे दिन "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से गूंजता रहा.
युवतियों में सोमवारी व्रत को लेकर दिखा उत्साह
सावन की पहली सोमवारी को लेकर युवतियों में विशेष उत्साह देखा गया. कई युवतियों ने व्रत रखकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की. श्रद्धालुओं ने गंगाजल, बेलपत्र, पुष्प एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भोलेनाथ का अभिषेक किया.
श्रद्धालुओं ने परिवार की खुशहाली की मांगी दुआ
हरदिया माई देवी स्थान मंदिर में जल चढ़ाने पहुंचीं बेलवा गांव की रीमा देवी ने बताया कि वह पूरे परिवार के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक करने आई हैं. उन्होंने कहा कि सावन की पहली सोमवारी पर भोलेनाथ की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की है.
यह भी पढ़ें: बेतिया के आईटीआई डोलवांग में नवनिर्मित शिव मंदिर में शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न