Nepal Rain Effect: नेपाल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज अनुमंडल में साफ दिखाई देने लगा है. पंडई, हड़बोड़ा, मनियारी, बलोर, जमुआ, हलतलवी और खाहड़ समेत कई पहाड़ी नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है. नदियां उफान पर हैं, जिससे बाढ़ और कटाव का खतरा भी बढ़ने लगा है. सबसे अधिक चिंता हड़बोड़ा नदी के बढ़ते कटाव को लेकर है, जहां नदी का बहाव अब नरकटियागंज चीनी मिल परिसर और मुक्तिधाम की ओर तेजी से बढ़ रहा है.
हड़बोड़ा नदी का कटाव बना बड़ी चिंता
हड़बोड़ा नदी का कटाव अब मुक्तिधाम शेड तक पहुंच गया है. वहीं, नदी का बहाव चीनी मिल की डिस्टिलरी और कॉलोनी की ओर भी बढ़ता दिख रहा है. यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो आसपास के इलाकों में नुकसान की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. प्रशासन और चीनी मिल प्रबंधन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी
अनुमंडल पदाधिकारी अभिजीत कुमार गोविंदा ने बताया कि नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण पहाड़ी नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है. प्रशासन संवेदनशील स्थानों की लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है. हड़बोड़ा नदी समेत सभी जोखिम वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है. उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों और अंचल प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है.
चीनी मिल प्रबंधन भी अलर्ट
न्यू स्वदेशी शुगर मिल के कार्यपालक अध्यक्ष रविंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि हड़बोड़ा नदी के बढ़ते जलस्तर और संभावित कटाव को देखते हुए मिल प्रबंधन पूरी तरह अलर्ट है. अधिकारियों और कर्मचारियों को लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं. जरूरत पड़ने पर तत्काल सुरक्षात्मक कार्य शुरू किए जाएंगे, ताकि मिल परिसर और आसपास के हिस्सों को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे.
किसानों को राहत, लेकिन खतरा भी बढ़ा
हर वर्ष बरसात में पहाड़ी नदियां तबाही मचाती हैं. हालांकि इस बार जुलाई के अधिकांश दिनों तक नदियां नाले जैसी स्थिति में बह रही थीं, जिससे किसान सिंचाई को लेकर परेशान थे. अब नेपाल में लगातार बारिश के बाद नदियों में पर्याप्त जल प्रवाह शुरू हो गया है. इससे किसानों को सिंचाई के लिए राहत मिली है, लेकिन दूसरी ओर बाढ़ और कटाव की आशंका ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है.
यह भी पढे़ं: बांकीपुर विधानसभा चुनाव: केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे बने BJP के स्टार प्रचारक, कार्यकर्ताओं में उत्साह
